रिसेप्शन पार्टी में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, पटना में दो सगे भाइयों की हत्या; जमीन विवाद में रची गई साजिश का शक

पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में एक शादी के रिसेप्शन समारोह के दौरान घुसकर अपराधियों ने दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में हुई, जहां परिवार और मेहमानों के सामने अंधाधुंध फायरिंग से दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
जमीन विवाद बना खूनखराबे की वजह
जानकारी के अनुसार राजू राय और उनके गोतिया कृष्णा राय के बीच करीब छह बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो कोर्ट तक पहुंचा था। हाल ही में आए फैसले में कृष्णा राय केस हार गए थे और तभी से नाराज बताए जा रहे थे। चर्चा है कि इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि पूर्व विवाद की पुष्टि हुई है और इसी एंगल से जांच आगे बढ़ रही है।
हाथ धोने जाते वक्त बरसाईं गोलियां
रात करीब नौ बजे रिसेप्शन में लोग खाना खा रहे थे और माहौल सामान्य था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी पहले से मौके पर मौजूद थे और सही समय का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही मनीष और मंजीत खाना खत्म कर हाथ धोने के लिए उठे, हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग होते ही खुशियों का माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे तो कुछ ने छिपकर खुद को सुरक्षित किया।
घायल को अस्पताल पहुंचाने में देरी, रास्ते में टूटी सांस
गोली लगने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल मंजीत को परिजन तुरंत संपतचक अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्पताल के गेट पर मंजीत करीब 15 मिनट तक फर्श पर पड़ा रहा और परिजन बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजने की गुहार लगाते रहे। बाद में जब उसे एनएमसीएच रेफर किया गया, तब तक उसकी सांस टूट चुकी थी।
दो जवान बेटों की मौत से परिवार तबाह
घटना के बाद पिता राजू राय सदमे में बेसुध हो गए, जबकि घर की महिलाओं और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मनीष की शादी तीन साल पहले हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों भाई मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे, और एक साथ दो बेटों की हत्या से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पहले से रची गई थी साजिश?
ग्रामीणों के मुताबिक जमीन विवाद को लेकर पहले भी तनाव था और केस हारने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर राजू राय के परिवार को जमीन का लाभ न लेने देने की ठान ली थी। बताया जा रहा है कि परिवार को भी खतरे का अंदेशा था, इसलिए सभी सदस्य शाम से पहले घर लौट आते थे। घटना वाले दिन गोतिया के यहां शादी समारोह था और आरोपियों को पता था कि पूरा परिवार वहां पहुंचेगा। इसी के बाद योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया और आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए हैं और संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार के मुताबिक पूर्व विवाद का एंगल सामने आया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।



