स्पोर्ट्स

टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत पर BCCI ने खोला खजाना, खिलाड़ियों को 131 करोड़ रुपये इनाम का ऐलान

नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 में शानदार जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम पर इनामों की बारिश शुरू हो गई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ओर से मिलने वाली प्राइज मनी के अलावा अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी खिलाड़ियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। बोर्ड ने टीम इंडिया की ऐतिहासिक उपलब्धि पर 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की है।

भारतीय टीम ने 8 मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के बाद देशभर में टीम इंडिया की उपलब्धि का जश्न मनाया जा रहा है और अब बोर्ड ने भी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सम्मानित करने के लिए बड़ी इनामी राशि की घोषणा की है।

BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने किया ऐलान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवाजीत सैकिया ने इस संबंध में आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए 131 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार का ऐलान किया गया है।

उन्होंने कहा कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी जीती। इस जीत के साथ भारत ने न केवल अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया, बल्कि टी20 विश्व कप को लगातार दो बार जीतने वाली इतिहास की पहली टीम भी बन गई।

तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर रचा इतिहास

देवाजीत सैकिया ने कहा कि इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया है। इससे क्रिकेट के इस फॉर्मेट में भारत की स्थिति और मजबूत हो गई है और टीम को सबसे सफल टीमों में शामिल कर दिया है।

उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई।

फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने पूरे टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। टीम को पूरे टूर्नामेंट में केवल एक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, जबकि बाकी मैचों में जीत हासिल की।

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 से ज्यादा रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और भारत ने 96 रन से मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। टीम इंडिया के विश्व विजेता बनने के दो दिन बाद बोर्ड ने इनामी राशि की घोषणा की।

Related Articles

Back to top button