
UP Smart Meter अपडेट: अब एक मोबाइल नंबर से सिर्फ तीन कनेक्शन, निगेटिव बैलेंस से पहले रिचार्ज जरूरी
लखनऊ। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले अब एक ही मोबाइल फोन नंबर से अधिकतम तीन बिजली कनेक्शन जोड़ सकेंगे। इससे पहले कई कनेक्शन एक ही नंबर से जुड़े होने के कारण उपभोक्ताओं को रिचार्ज के बावजूद बिजली आपूर्ति में देरी का सामना करना पड़ता था। अब निगेटिव बैलेंस होने से पहले ही रिचार्ज करना जरूरी होगा ताकि बिजली स्वतः न कटे और आपूर्ति में कोई रुकावट न आए।
स्मार्ट मीटर से ऊर्जा क्षेत्र में सुधार
प्रदेश में अब तक 70 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं। पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डा. आशीष कुमार गोयल और प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्मार्ट मीटर से ऊर्जा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के अनुरूप है।
नए नियम और रिचार्ज प्रक्रिया
अब जनसुविधा केंद्र के माध्यम से कनेक्शन के लिए आवेदन करते समय एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग तीन से अधिक कनेक्शन में नहीं किया जा सकेगा। इससे कम्युनिकेशन बाधित नहीं होगा और रिचार्ज कराने के घंटों बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू होने में समय कम लगेगा। रीकनेक्शन कमांड कई सिस्टम से गुजरता है, इसलिए दो घंटे तक का समय लग सकता है। हालांकि, 95 प्रतिशत मामलों में भुगतान के कुछ ही मिनटों में कनेक्शन जुड़ जाता है। दो घंटे के बाद भी कनेक्शन न जुड़ने पर उपभोक्ता 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
सुविधाएं और निगरानी
अध्यक्ष ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर दो प्रतिशत की टैरिफ छूट मिलती है। उपभोक्ता यूपीपीसीएल के अधिकृत मोबाइल एप ‘यूपीपीसीएल स्मार्ट कंज्यूमर एप’ के जरिए प्रति घंटे की खपत और उपकरणों की बिजली खपत पर निगरानी कर सकते हैं। रिचार्ज की राशि 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य होने पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भी मिलती है, इसलिए कनेक्शन में सही मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य है।



