रायगड़ा में बॉक्साइट खदान तक सड़क बनाने का विरोध, आदिवासियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प

रायगड़ा : ओडिशा के रायगड़ा जिले में सड़क बनाने को लेकर आदिवासियों और पुलिसकर्मी में झड़प हो गई। इस झड़प में 40 पुलिसकर्मी घायल हो गए। दरअसल सिजिमाली बॉक्साइट खदान तक सड़क बनानी थी। स्थानीय आदिवासियों ने इसका विरोध किया। इसी बीच यह प्रदर्शन हिंस झड़प में बदल गया। इसमें कुल 50 लोग घायल हुए जिसमें 40 पुलिस अधिकारी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय आदिवासियों ने जिले के काशीपुर ब्लॉक के अंतर्गत शागाबारी गांव में सड़क निर्माण का कड़ा विरोध किया। पुलिस ने बताया कि सड़क निर्माण को रोकने की कोशिश में प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पत्थर फेंके और तलवारों, कुल्हाड़ियों तथा अन्य धारदार हथियारों से पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों पर हमला किया।
ओडिशा सरकार ने सिजिमाली बॉक्साइट खदान को एक निजी कंपनी को आवंटित किया है। तब से लोग इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं। प्रशासन कंपनी को सिजिमाली बॉक्साइट खदान तक सड़क बनाने में मदद कर रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि रायगड़ा के कलेक्टर कुलकर्णी आशुतोष सी मौके पर मौजूद थे और आंदोलनकारी आदिवासियों के साथ बातचीत कर रहे थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने शागाबारी गांव में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।



