Bihar Sarkari Naukri 2026: 209 नए कॉलेजों में 9196 पदों पर होगी बंपर बहाली, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Bihar Sarkari Naukri 2026: बिहार में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की चाहत रखने वाले युवाओं के लिए राज्य सरकार ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। राज्य के 209 नए डिग्री कॉलेजों के संचालन के लिए सरकार ने बड़े पैमाने पर नियुक्तियों की रूपरेखा तैयार की है। इन कॉलेजों में प्राचार्य, सहायक प्राध्यापक और गैर-शैक्षणिक कर्मियों सहित कुल 9196 पदों पर स्थायी बहाली की जाएगी। यह कदम न केवल राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि हजारों योग्य उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी का अवसर भी प्रदान करेगा।
पदों का पूरा गणित: किसे मिलेगी कितनी जगह?
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव के मुताबिक, नियुक्तियों का वर्गीकरण कुछ इस प्रकार है:
- प्राचार्य: सभी 209 कॉलेजों में प्राचार्य के लिए एक-एक पद, यानी कुल 209 पद।
- सहायक प्राध्यापक: सबसे बड़ी संख्या शिक्षकों की है, जिनके लिए 6479 पद हैं।
- गैर-शैक्षणिक कर्मी : क्लर्क, तकनीकी कर्मी और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के कुल 2508 पद शामिल हैं।
हर कॉलेज में होंगे 15 विषयों के विशेषज्ञ
सरकार की योजना हर प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज खोलने की है। इन कॉलेजों में साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम के 15 प्रमुख विषयों की पढ़ाई होगी। खास बात यह है कि हर विषय के लिए दो-दो सहायक प्रोफेसर नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा, बदलते समय की मांग को देखते हुए हर कॉलेज में एक व्यवसायिक विषय के शिक्षक की भी बहाली होगी, ताकि छात्र कौशल विकास से जुड़ सकें।
कॉलेज स्टाफ की मजबूती: 12-12 कर्मियों की टीम
सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, कॉलेजों के प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर डिग्री कॉलेज में 12-12 गैर-शैक्षणिक कर्मियों की टीम तैनात होगी। इसमें लिपिक के अलावा प्रयोगशाला सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी शामिल होंगे, जो लैब और ऑफिस के कामकाज को संभालेंगे।
कैसे होगी चयन प्रक्रिया?
इन पदों पर नियुक्तियां पूरी तरह से स्थायी होंगी और इसके लिए अलग-अलग आयोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षक और प्राचार्य का चयन बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) के माध्यम से किया जाएगा। क्लर्क और तकनीकी कर्मी की बहाली राज्य कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) और राज्य तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) के जरिए होगी।
कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार
वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग ने पद सृजन का यह प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज दिया है। वित्त विभाग की प्रशासी पदवर्ग समिति से अनुमोदन मिलने और विधि विभाग से परामर्श के बाद इसे राज्य कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। कैबिनेट से अंतिम मुहर लगते ही इन 9196 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।



