करिअर

RRB NTPC भर्ती में बड़ा बदलाव, टाइपिंग टेस्ट खत्म; स्टेशन मास्टर पद भी हटाया, 3548 पदों पर आवेदन शुरू

नई दिल्ली: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने स्नातक स्तर की एनटीपीसी भर्ती 2026 के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस भर्ती के जरिए कुल 3548 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस बार भर्ती में टाइपिंग टेस्ट को हटा दिया गया है, जबकि स्टेशन मास्टर का पद भी शामिल नहीं है। योग्य उम्मीदवार 8 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

इन पदों पर होगी भर्ती

आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट स्तर की सीईएन 06/2026 भर्ती में चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के पद शामिल हैं।

कुल 3548 पदों में गुड्स ट्रेन मैनेजर के 2750, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के करीब 300 और चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 127 पद हैं।

इस भर्ती में स्टेशन मास्टर का पद नहीं रखा गया है। स्टेशन मास्टर के पदों के लिए अलग से भर्ती निकाले जाने की बात कही गई है। इसके लिए एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी और उसके बाद सीबीएटी भी आयोजित किया जाएगा।

टाइपिंग टेस्ट खत्म, नौकरी के बाद होगी दक्षता की जांच

आरआरबी ने सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित टाइपिंग कौशल परीक्षा को खत्म कर दिया है।

हालांकि, उम्मीदवारों से कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान और पर्याप्त टाइपिंग क्षमता होने की उम्मीद की जाएगी। नौकरी मिलने के बाद उनकी टाइपिंग दक्षता का आकलन किया जाएगा। यदि प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो इसका असर स्थायी नियुक्ति की पुष्टि या पदोन्नति में देरी के रूप में पड़ सकता है।

6 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

आरआरबी एनटीपीसी ग्रेजुएट स्तर भर्ती के लिए आवेदन 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो गए हैं। उम्मीदवार 6 नवंबर तक ऑनलाइन फॉर्म जमा कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 8 नवंबर है।

आवेदन में सुधार के लिए विंडो 9 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक खुली रहेगी।

ग्रेजुएशन जरूरी, अपीयरिंग उम्मीदवार नहीं कर सकेंगे आवेदन

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। अंतिम वर्ष या परीक्षा में शामिल हो रहे उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकेंगे। 6 नवंबर 2026 तक अंतिम परीक्षा का परिणाम जारी होना अनिवार्य है।

उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 3 वर्ष की छूट मिलेगी।

दो चरणों में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

चयन प्रक्रिया में पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी-1 होगा। इसमें प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई अंक की कटौती की जाएगी।

सीबीटी-1 के सामान्यीकृत अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को दूसरे चरण की परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। कुल रिक्तियों की संख्या के 15 गुना उम्मीदवारों को सीबीटी-2 के लिए चुना जाएगा।

टाइपिंग टेस्ट हटाए जाने के कारण सीबीटी-2 के बाद सीधे दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया होगी।

सीबीटी-1 में 100 और सीबीटी-2 में 120 सवाल

सीबीटी-1 में कुल 100 सवाल होंगे, जिनके लिए 100 अंक निर्धारित हैं। इसमें गणित से 30, तर्कशक्ति से 30 और सामान्य ज्ञान व सामान्य अध्ययन से 40 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा और गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।

सीबीटी-2 में कुल 120 सवाल होंगे और परीक्षा 120 अंकों की होगी। इसमें गणित के 35, तर्कशक्ति के 35 और सामान्य ज्ञान व सामान्य अध्ययन के 50 सवाल होंगे। इसके लिए भी 90 मिनट का समय निर्धारित है। इस परीक्षा में भी प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की कटौती होगी।

परीक्षा में अंग्रेजी का अलग विषय नहीं

आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा में अंग्रेजी विषय से अलग से सवाल नहीं पूछे जाएंगे। परीक्षा में कोई सेक्शनल टाइमर भी नहीं होगा।

सीबीटी-1 के सामान्यीकृत स्कोर के आधार पर सीबीटी-2 के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। दोनों चरणों की कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक की नकारात्मक अंक व्यवस्था लागू रहेगी।

आवेदन शुल्क कितना है?

सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये है। सीबीटी-1 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा में उपस्थित होने के बाद 400 रुपये वापस किए जाएंगे।

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला, आर्थिक रूप से पिछड़े और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है। सीबीटी-1 में शामिल होने वाले इन उम्मीदवारों को पूरी 250 रुपये की राशि वापस कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button