
गर्मी से पहले अलर्ट मोड में योगी सरकार, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए अफसरों को कड़े निर्देश
लखनऊ। प्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग में संभावित इजाफे को देखते हुए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गर्मियों में हर हाल में उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अभी से दुरुस्त करने को कहा गया है।
ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
डॉ. गोयल ने साफ किया कि ट्रांसफार्मरों के अनुरक्षण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा चुका है। हर ट्रांसफार्मर पर टेललेस फ्यूज यूनिट लगाने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं सामने आती हैं तो संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जाएगी।
अधूरे कार्यों पर जवाबदेही तय, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उन्होंने निर्माण और रखरखाव से जुड़े अधूरे कार्यों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। जिन स्थानों पर कार्य प्रगति में पीछे हैं, वहां संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों और अवर अभियंताओं की जिम्मेदारी तय कर लापरवाही बरतने पर सख्त कदम उठाने की बात कही गई है।
गर्मी बढ़ने से पहले पूरी तैयारी, आपूर्ति बाधित न हो
अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ेगा, ऐसे में उसी के अनुरूप तैयारियां पूरी होनी चाहिए। पर्याप्त संख्या में कर्मियों की उपलब्धता का हवाला देते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित शिड्यूल के अनुसार निर्बाध बिजली मिलनी चाहिए।



