मध्य प्रदेश

‘देश का खाते हो तो वंदे मातरम कहना पड़ेगा’: CM मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा हमला

भोपाल। वंदे मातरम को लेकर इंदौर नगर निगम की बैठक से शुरू हुए विवाद के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। आष्टा में आयोजित महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में उन्होंने दो-टूक कहा कि देश के सम्मान से जुड़े प्रतीकों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

क्रांतिकारियों के बलिदान का हवाला, दिया सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस ‘वंदे मातरम’ के आह्वान पर क्रांतिकारियों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा, उसका अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जो इस देश का अन्न खाते हैं, उन्हें वंदे मातरम कहना ही पड़ेगा।”

कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप
सीएम यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने हमेशा वोट बैंक की राजनीति के लिए राष्ट्र गौरव से समझौता किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले वंदे मातरम के टुकड़े किए और फिर देश को बांटने का काम किया। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि आज कांग्रेस के नेता ‘भारत माता की जय’ कहने से भी बच रहे हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में एकजुट हुआ देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां एक ओर कांग्रेस ने देश को बांटने की कोशिश की, वहीं प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में आज पूरा देश एकजुट होकर वंदे मातरम गा रहा है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया।

लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘लाड़ली बहना योजना’ के तहत एक करोड़ 25 लाख महिलाओं के खातों में 1,836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के जरिए ट्रांसफर की। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 55 हजार करोड़ रुपये महिलाओं को दिए जा चुके हैं।

184.92 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 184.92 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें सांदीपनी विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, पार्वती नदी घाट, नेवज नदी सुधार, एसडीएम कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा सड़क निर्माण, स्कूल भवन, पुलिस आवास और पेयजल योजनाओं की भी शुरुआत की गई।


Related Articles

Back to top button