उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

बंगाल चुनाव में योगी आदित्यनाथ का तीखा हमला: “भाजपा सरकार आई तो माफिया सड़कों पर झाड़ू लगाएंगे”, टीएमसी पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल के चुनावी मैदान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने टीएमसी के साथ-साथ कांग्रेस और वाम दलों को भी निशाने पर लिया और मतदाताओं से बिना डर के मतदान करने की अपील की। योगी ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनी, तो “टीएमसी के गुंडे, माफिया और मौलाना” जनता की सेवा करते और सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे।

बाराबनी में गरजे योगी, भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मांगा वोट

बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में आयोजित जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके कार्यक्रम को रोकने के लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं ने लोगों को परेशान करने और भाजपा के झंडे हटाने की कोशिश की। उन्होंने लोगों से अरिजीत रॉय को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि “डबल इंजन सरकार” आने पर राज्य की सभी समस्याओं का तेजी से समाधान होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास कार्यों का भी जिक्र किया और भाजपा को सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी बताया।

“15 साल में बंगाल को संकट में धकेला”

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में टीएमसी सरकार ने पश्चिम बंगाल को “टेरर, माफियाराज, कटमनी और भ्रष्टाचार” का अड्डा बना दिया है। उनके मुताबिक, आम लोगों, युवाओं और महिलाओं के बीच भय का माहौल पैदा किया गया है। उन्होंने कहा कि सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया को संरक्षण मिला है और केंद्र से आने वाले धन का दुरुपयोग किया जाता है। योगी ने भरोसा दिलाया कि भाजपा सत्ता में आई तो राज्य से दंगा, भय और अराजकता खत्म की जाएगी।

यूपी मॉडल का जिक्र, बुलडोजर कार्रवाई को बताया प्रभावी

अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि नौ साल पहले वहां भी हालात खराब थे, लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद स्थिति में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने कहा कि अब राज्य में न दंगे होते हैं और न कर्फ्यू लगता है। अपराध और माफिया पर सख्त कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि “बुलडोजर माफियाओं को ठीक करता है” और उनकी संपत्तियों का उपयोग गरीबों के लिए आवास बनाने में किया जाता है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सभी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं।

धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर भी साधा निशाना

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा यह गारंटी देती है कि बंगाल में न दंगे होंगे और न कर्फ्यू लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि “गोमाता को कटने नहीं देंगे और हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे।” साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस, वाम दलों और टीएमसी ने मिलकर राज्य की सांस्कृतिक पहचान को कमजोर किया है।

“विकास से भटका बंगाल, रोजगार और कृषि पर असर”

योगी ने कहा कि कभी देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र रहा पश्चिम बंगाल आज विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में रोजगार के अवसर घटे हैं, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और संसाधनों पर माफिया का कब्जा है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जहां उत्तर प्रदेश में आलू का दाम 15-16 रुपये किलो मिलता है, वहीं बंगाल में यह केवल एक से डेढ़ रुपये किलो रह गया है।

Related Articles

Back to top button