जीवनशैली

डायबिटीज के मरीजों को आम खाना चाहिए या नहीं, जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

गर्मियों का मौसम आते ही आम का स्वाद हर किसी को लुभाता है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या वे आम खा सकते हैं या नहीं। आम में प्राकृतिक शुगर की मात्रा अधिक होती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का खतरा रहता है। इसलिए, इसे लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। ऐसे में PSRI हॉस्पिटल में हेड ऑफ़ डाइटीशियन, शालिनी ब्लिस, बता रही हैं डायबिटीज के मरीजों को आम खाना चाहिए या नहीं? अगर खाएं तो एक दिन में कितना खाएं?

सीमित मात्रा में कर सकते हैं सेवन:
शालिनी ब्लिस के अनुसार, डायबिटीज के मरीज पूरी तरह से आम खाने से परहेज नहीं करना चाहिए। बस डायबिटीज के मरीजों को आम खाने के दौरान, सही मात्रा और सही समय का ध्यान रखना जरूरी होता है। आम में फाइबर, विटामिन ए और विटामिन सी जैसे पोषक तत्व भी होते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद हैं। लेकिन, इसमें मौजूद फ्रक्टोज शुगर तेजी से ब्लड शुगर बढ़ा सकती है, इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।

एक दिन में कितना खाएं?
डायबिटीज के मरीज एक बार में ज्यादा आम न खाएं। दिन में आधा या एक छोटा आम खाना सुरक्षित माना जाता है, वह भी तब जब आपका शुगर लेवल कंट्रोल में हो। आम खाने का सबसे अच्छा समय दिन का होता है, खासकर लंच के बाद, ताकि शरीर उसे आसानी से पचा सके और शुगर का असर कम हो।

आम खाने पर हाई-शुगर फूड्स सेवन से बचें
यह भी जरूरी है कि आम खाने के साथ अन्य हाई-शुगर फूड्स से बचें। अगर आप आम खा रहे हैं, तो उस दिन अपनी डाइट में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा थोड़ी कम रखें। साथ ही, आम को जूस या शेक के रूप में लेने से बचें, क्योंकि इसमें फाइबर कम और शुगर का असर ज्यादा होता है। हमेशा पूरा फल खाना ज्यादा बेहतर विकल्प होता है।

Related Articles

Back to top button