यूपी में आंगनबाड़ी भर्ती का बड़ा मौका, 198 पदों पर निकली वैकेंसी; 12वीं पास महिलाएं जल्द करें आवेदन

उत्तर प्रदेश में नौकरी का इंतजार कर रहीं महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश की तरफ से लखनऊ जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस भर्ती के जरिए कुल 198 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि यह भर्ती जिले के अलग-अलग ग्रामीण और शहरी प्रोजेक्ट्स में की जाएगी, जिससे कई महिलाओं को अपने ही इलाके में काम करने का मौका मिल सकता है। विभाग की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और उम्मीदवारों को केवल आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ही फॉर्म भरना होगा।
कब तक भर सकते हैं फॉर्म?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 16 मई 2026 रात 12 बजे तक तय की गई है। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आखिरी समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन पूरा कर लें। भर्ती से जुड़ी आगे की जानकारी, चयन प्रक्रिया और अन्य अपडेट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
किन-किन इलाकों में निकली हैं वैकेंसी?
लखनऊ जिले के कई प्रोजेक्ट्स में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद खाली हैं। सबसे ज्यादा पद आलमनगर और सरोजनीनगर प्रोजेक्ट में निकाले गए हैं।
वैकेंसी का प्रोजेक्टवार बंटवारा इस तरह है –
आलमनगर: 31 पद
अलीगंज: 16 पद
बख्शी का तालाब: 25 पद
चिनहट: 21 पद
गोसाईगंज: 14 पद
काकोरी: 23 पद
मलिहाबाद: 14 पद
मॉल: 14 पद
मोहनलालगंज: 9 पद
सरोजनीनगर: 31 पद
विभाग ने साफ किया है कि जरूरत के हिसाब से पदों की संख्या घटाई या बढ़ाई भी जा सकती है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है। साथ ही उम्मीदवार को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करनी होगी। विभाग ने कहा है कि आवेदन की आखिरी तारीख तक सभी जरूरी योग्यता पूरी होना अनिवार्य है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले भर्ती से जुड़ा पूरा शासनादेश और नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ लें।
उम्र सीमा क्या रखी गई है?
आवेदन करने वाली महिला उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 35 साल होनी चाहिए। उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के मुताबिक उम्र सीमा में छूट भी मिलेगी। उम्र प्रमाण के तौर पर केवल हाईस्कूल की मार्कशीट और प्रमाणपत्र ही मान्य होंगे।
आवेदन कैसे करना होगा?
उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग ने साफ कहा है कि ऑफलाइन या हार्ड कॉपी आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी जरूरी जानकारी, दस्तावेज और प्रमाणपत्र सही तरीके से अपलोड करने होंगे। गलत जानकारी देने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर क्या कहा गया?
यह पूरी भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश संख्या 2025/3313/58-1-2025 के तहत पूरी की जाएगी। चयन प्रक्रिया, मेरिट और अन्य नियम विभागीय प्रक्रिया के अनुसार लागू होंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें ताकि भर्ती से जुड़ा कोई जरूरी अपडेट मिस न हो जाए।
कहां मिलेगी पूरी जानकारी?
उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए आधिकारिक वेबसाइट upanganwadibharti.in पर विजिट कर सकते हैं। गांव और वार्ड स्तर की वैकेंसी और आरक्षण से जुड़ी जानकारी कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील और विकासखंड कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी उपलब्ध कराई गई है।



