मनोरंजन

CM बनते ही एक्शन मोड में विजय, तमिलनाडु में 3 साल बाद मॉर्निंग शो को मिली मंजूरी, तृषा कृष्णन की फिल्म ‘करप्पू’ को बड़ा फायदा

तमिलनाडु की राजनीति में नई शुरुआत करने वाले थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद संभालते ही तेज फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को विजय ने 144 विधायकों के समर्थन के साथ सदन में बहुमत साबित किया। इससे पहले 10 मई को उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री बनने के महज दो दिन के भीतर ही विजय के कई फैसले चर्चा का विषय बन गए हैं।

राज्य में 717 शराब की दुकानों को बंद करने के फैसले के बाद अब विजय ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को राहत देते हुए एक और बड़ा कदम उठाया है। करीब तीन साल बाद तमिलनाडु में फिल्मों के मॉर्निंग शो की विशेष अनुमति दी गई है, जिसका सीधा फायदा अभिनेत्री तृषा कृष्णन की आगामी फिल्म ‘करप्पू’ को मिला है।

‘करप्पू’ को मिली सुबह 9 बजे के शो की विशेष अनुमति

तृषा कृष्णन और सूर्या स्टारर फिल्म ‘करप्पू’ 14 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले फिल्म के निर्माताओं को सुबह 9 बजे स्पेशल स्क्रीनिंग की अनुमति मिल गई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विजय ने यह फैसला तमिल फिल्म इंडस्ट्री के हित में लिया है।

विजय के इस फैसले के बाद फिल्म इंडस्ट्री में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। खास तौर पर ‘करप्पू’ की टीम ने मुख्यमंत्री के इस कदम का खुलकर स्वागत किया है।

फिल्म निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर जताया आभार

‘करप्पू’ के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री विजय को धन्यवाद देते हुए एक पोस्ट साझा किया। पोस्ट में मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ लिखा गया कि ‘करप्पू’ के सुबह 9 बजे वाले शो के लिए विशेष अनुमति देने पर उनका विशेष आभार।

पोस्ट में यह भी बताया गया कि फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो 14 मई की सुबह 9 बजे से शुरू होगा। साथ ही फिल्म के संगीतकार साईं अभयंकर का भी जिक्र किया गया।

सूर्या ने भी दी थी विजय को बधाई

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय को फिल्म इंडस्ट्री से लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। अभिनेता सूर्या ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विजय को बधाई दी थी।

उन्होंने लिखा था कि जनता का प्यार और समर्थन मिलना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। सूर्या ने अपने संदेश में कहा कि तमिलनाडु को विजय पर पूरा भरोसा है और राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है।

शपथ ग्रहण समारोह में भावुक दिखीं तृषा कृष्णन

10 मई को हुए विजय के शपथ ग्रहण समारोह में तृषा कृष्णन भी शामिल हुई थीं। समारोह से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे।

इन वीडियो में तृषा को विजय के परिवार के साथ गर्मजोशी से बातचीत करते देखा गया। वहीं एक वायरल क्लिप में विजय के भाषण के दौरान तृषा भावुक नजर आई थीं। इस पल ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

Related Articles

Back to top button