मेरठ में होमगार्ड्स जवानों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए किया हंगामा
होमगार्ड्स जवानों के हंगामे के चलते मेरठ के चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई।
Meerut Police : मेरठ में होमगार्ड्स के जवानों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। होमगार्ड्स के जवानों का आरोप है कि ट्रैफिक विभाग पुलिस कर्मी उनका उत्पीड़न करते हैं। आज बुधवार को बड़ी संख्या में होमगार्ड्स जवानों ने ड्यूटी का बहिष्कार करते हुए पुलिस लाइन स्थित ट्रैफिक कार्यालय के बाहर कड़ी धूप में प्रदर्शन किया। होमगार्ड्स जवानों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों पर उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर
होमगार्ड्स जवानों के हंगामे के चलते मेरठ के चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। होमगार्ड्स जवानों के अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से विभागीय अधिकारियों में हलचल मच गई।
एक मिनट की देरी पर नहीं लगती ड्यूटी’
प्रदर्शनकारी होमगार्ड्स जवानों का आरोप है कि ट्रैफिक विभाग में उनके साथ सख्ती के नाम पर अत्याचार किया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर कोई होमगार्ड ड्यूटी पर पहुंचने में एक मिनट भी देर हो रहा है तो उसका पर्चा जमा नहीं किया जाता और उसे ड्यूटी से बाहर कर देते हैं।
होमगार्ड्स जवानों ने आरोप लगाया कि इसकी शिकायत कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से की गई। लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया है। जिससे होमगार्ड्स जवानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ट्रैफिक कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी
आक्रोशित होमगार्ड्स पुलिस लाइन स्थित ट्रैफिक कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपने साथ सम्मानजनक व्यवहार और पारदर्शी व्यवस्था की मांग की। प्रदर्शन कर रहे होमगार्ड्स जवानों का कहना है कि लगातार मानसिक दबाव में काम कराया जा रहा है। जबकि उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
होमगार्ड्स जवानों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वो आंदोलन को और व्यापक करेंगे। विभागीय अधिकारियों की ओर से मामले को लेकर अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



