उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेरठ में अकीदत से अदा की गई ईद उल अजहा की नमाज

हजारों अकीदतमंदों ने खुदा की बारगाह में हाथ उठाकर देश में अमन,भाईचारा व सौहार्द की दुआ मांगी

मेरठ। मेरठ के शहरी व ग्रामीण इलाकों में ईद-उल-अजहा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। ईद उल अजहा की नमाज के दौरान हजारों अकीदतमंदों ने खुदा की बारगाह में हाथ उठाकर देश में अमन,भाईचारा व सौहार्द की दुआ मांगी। मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे ने ईदगाह पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ईद की नमाज शांतिपूर्वक हो इसके लिए सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस बल का भारी इंतजाम किया गया था।
ईद-उल-अजहा के महत्व पर प्रकाश डाला
आज गुरूवार ईद-उल-अज़हा का पर्व मेरठ सहित पूरे पश्चिम यूपी में धूमधाम से मनाया जा रहा है। मस्जिदों और ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मेरठ के शाही ईदगाह मैदान पर हजारों की संख्या में अकीदत के साथ अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा की। शाही ईदगाह में शहर कारी शफीकुर्रहमान ने मुस्लिम समाज के लोगों को एक साथ नमाज अदा कराई। इससे पूर्व उन्होंने अपने संबोधन में ईद-उल-अजहा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अकीदतमंदों से कहा कि वो मवेशियों की कुर्बानी खुले में नहीं करे एवं कुर्बानी के अवशेष खुले में न फेंकें। शहर कारी ने नौजवानों को स्टंट ना करने और वाहन धीरे चलाने की नसीहत दी। इसी के साथ नाबालिग बच्चों को वाहन न दिए जाने की अपील की।
समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का आहवान
उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों के उन्मूलन में भागीदार बनने का भी आह्वान किया। शहर कारी ने लोगो से स्वयं तथा अपने बच्चों को नशे से दूर रखने की सलाह दी। ईद की नमाज के उपरांत आपसी भाईचारा व सौहार्द की विशेष दुआ कराई गई। सुरक्षा के दृष्टिगत डीएम डॉक्टर वीके सिंह, एडीएम, सीओ व थाना प्रभारी पुलिस व पीएसी बल के साथ तैनात रहे। दूसरी ओर, शहर की अन्य प्रमुख मस्जिदों व ग्रामीण क्षेत्रों की ईदगाहों एवं मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई।
एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

ईद-उल-अजहा के पर्व को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। मेरठ के पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने सुबह ईदगाह पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया था। स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा ईद की नमाज को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई थी। इसी के मद्देनजर ईद से एक दिन पहले ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने फ्लैग मार्च निकाला था। जहां पर उन्होंने स्थानीय पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिगत की गई व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।
ईद की नमाज से पूर्व अधिकारियों ने मेरठ की शाही ईदगाह मैदान पर पहुंचकर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने जामा मस्जिद के शाही इमाम से ईदगाह मैदान के अंदर ही नमाज अदा कराने की अपील की। वहीं, खुफिया विभाग के अधिकारियों की नजरे बनाए हुए थे।

Related Articles

Back to top button