
रायपुर: छत्तीसगढ़ के भाटापारा शहर में शुक्रवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले हटरी बाजार इलाके में स्थित एक व्यावसायिक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं राहत और बचाव अभियान के दौरान नगर सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक देर रात हटरी बाजार स्थित कमर्शियल भवन में आग लगने की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग सबसे पहले एक कपड़े की दुकान में लगी थी, जिसके बाद लपटें तेजी से पास की मोबाइल दुकान तक फैल गईं। तेज गर्मी और हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
आग की भयावहता को देखते हुए भाटापारा और बलौदा बाजार की फायर ब्रिगेड के साथ-साथ रवान स्थित अंबुजा सीमेंट और हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट की दमकल इकाइयों को भी मौके पर बुलाया गया। कई घंटों तक संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
इसी दौरान तेज गर्मी की वजह से पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे में बलौदा बाजार नगर सेना के जवान कृष्णा खुंटे मलबे में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद टीमों ने उन्हें तत्काल बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि उनके पैर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज जारी है।
दमकल कर्मियों ने पूरी रात मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कपड़ा और मोबाइल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आग लगने की वास्तविक वजह सामने लाई जाएगी।
गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में आगजनी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले बलौदा बाजार क्षेत्र के एक औद्योगिक प्रतिष्ठान में लगी भीषण आग को बुझाने के लिए बड़ी मात्रा में पानी और फोम का इस्तेमाल करना पड़ा था।



