बिहारराज्य

छपरा में बड़ा गैस रिसाव! कोल्ड स्टोरेज से लीक हुई अमोनिया गैस, इलाके में मची अफरा-तफरी

छपरा: बिहार के सारण जिले के छपरा स्थित हेमनगर इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस के रिसाव की सूचना सामने आई। गैस की तेज गंध फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। सारण के एसडीएम नितेश कुमार और क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार भी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

गैस रिसाव पर काबू पाने की कोशिश तेज

क्षेत्रीय अग्निशमन अधिकारी सूरज कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान पता चला कि कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस का रिसाव हो रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि थोड़ी मात्रा में गैस का रिसाव जारी है।

उन्होंने बताया कि तकनीकी टीम और इंजीनियरों को बुलाया गया है, जो जल्द ही लीक को ठीक करेंगे। गैस की वजह से परेशानी महसूस करने वाले लोगों को चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक एक व्यक्ति को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है।

मुख्य सप्लाई बंद, पानी का किया जा रहा छिड़काव

सारण के एसडीएम नितेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोल्ड स्टोरेज की मुख्य पाइपलाइन से होने वाली गैस सप्लाई बंद कर दी है। हालांकि जिस स्थान पर पाइपलाइन में रिसाव हुआ है, उसका प्रभाव अभी भी आसपास के क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वातावरण में फैली अमोनिया गैस को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही वायु को शुद्ध करने के लिए एयर प्यूरीफायर की भी मदद ली जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रशासनिक जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि संबंधित कोल्ड स्टोरेज में पर्याप्त सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गैस रिसाव किन परिस्थितियों में हुआ।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button