झारखण्डराज्य

SIR सूची पर झारखंड भाजपा का बड़ा सवाल! ‘कंचन नगर’ की जगह ‘मदीना मस्जिद रोड’ लिखे जाने पर जताई कड़ी आपत्ति

लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सूची में क्षेत्र के नाम को लेकर नया विवाद सामने आया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लाल प्रतुल नाथ शाहदेव ने कंचन नगर की जगह मदीना मस्जिद रोड दर्ज किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग के अधिकारियों, झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मुख्यमंत्री कार्यालय और लातेहार प्रशासन को इंटरनेट मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से भेजी है।

दशकों से कंचन नगर नाम प्रचलित होने का दावा

लाल प्रतुल नाथ शाहदेव ने कहा कि चंदवा में संबंधित क्षेत्र का नाम वर्षों से कंचन नगर के रूप में जाना जाता है। उनका आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में कथित तौर पर इसका नाम बदलकर मदीना मस्जिद रोड दर्शाया जाने लगा, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष है।

13 मार्च के आदेश का भी किया उल्लेख

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 13 मार्च 2026 को सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया था कि संबंधित क्षेत्र का नाम कंचन नगर ही रहेगा। इसके बावजूद विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान तैयार किए गए प्रपत्रों में दोबारा मदीना मस्जिद रोड दर्ज किया गया है।

प्रशासन से नाम बहाल करने की मांग

भाजपा ने प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी अभिलेखों और एसआईआर प्रपत्रों में क्षेत्र का नाम तत्काल कंचन नगर दर्ज कराया जाए, ताकि किसी तरह का विवाद उत्पन्न न हो।

स्थानीय लोगों में नाराजगी का दावा

लाल प्रतुल नाथ शाहदेव ने दावा किया कि क्षेत्र के नाम में बदलाव को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित इलाके की पहचान लंबे समय से कंचन नगर के नाम से रही है और इसी नाम को आधिकारिक रिकॉर्ड में बनाए रखा जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button