
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीपक नांदल गैंग के चार बदमाशों को मार गिराया। पुलिस के अनुसार सभी बदमाश विदेश से संचालित गैंग से जुड़े हुए थे। इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं जवाबी कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है।
कारोबारी के घर फायरिंग के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में कुछ हथियारबंद बदमाश स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही बदमाश एक कारोबारी के घर पर फायरिंग कर चुके थे। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद चली गोलियां
क्राइम ब्रांच ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने जवाब में फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
चार की मौत, एक बदमाश अस्पताल में भर्ती
घायल बदमाशों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया। एक घायल बदमाश का इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से पांच ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही गुरुग्राम के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब मारे गए बदमाशों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
विदेश में बैठे गैंगस्टर पर रंगदारी की साजिश का आरोप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विदेश में बैठा एक गैंगस्टर लंबे समय से कारोबारी से रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों ने कारोबारी के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में मारे गए चारों बदमाशों को विदेश से संचालित दीपक नांदल गैंग का शूटर बताया जा रहा है।



