CM मोहन यादव के सामने BJP विधायक का बड़ा प्रण, बोले- सड़कें नहीं बनीं तो जूते-चप्पल नहीं पहनूंगा, मुख्यमंत्री ने तुरंत दिया जवाब

शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने अपनी विधानसभा की सड़कें बनने तक जूते-चप्पल नहीं पहनने का संकल्प ले लिया। विधायक की इस घोषणा पर मुख्यमंत्री भी हैरान रह गए और मंच से ही उन्हें ऐसा संकल्प लेने की आवश्यकता नहीं होने की बात कही।
सड़कों की मांग के बीच विधायक ने किया बड़ा ऐलान
कार्यक्रम के दौरान विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से 48 सड़कों के उन्नयन, 16 नई सड़कों की स्वीकृति, नए राजस्व भवन के निर्माण और अरनियाकला में आर्ट एंड साइंस कॉलेज शुरू करने की मांग की। इसी दौरान उन्होंने कहा कि जब तक क्षेत्र की सड़कें नहीं बनेंगी, तब तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे, चाहे इसमें 10 वर्ष ही क्यों न लग जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि 16 सड़कों की स्वीकृति नहीं मिली या उनका निर्माण पूरा नहीं हुआ तो वह अपना संकल्प जारी रखेंगे।
मुख्यमंत्री बोले- अच्छे काम के लिए जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं
विधायक की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पांच लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है और सरकार विकास कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अच्छे और सच्चे कार्य के लिए जूते-चप्पल छोड़ने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने विधायक को शब्दों के चयन में भी सावधानी बरतने की सलाह दी।
’16 नहीं, 17 सड़कें देंगे’
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा, “16 नहीं, हम 17 सड़कें देंगे। हमारे जूते-चप्पल कांटों से बचाने और आगे बढ़ने के लिए हैं। विधायक जी को जूते-चप्पल छोड़ने की जरूरत नहीं है। अपनी बात और शब्दों का ध्यान रखना चाहिए। यह काम कांग्रेसियों के लिए रहने दो। सरकार अच्छे और सच्चे काम के लिए आपके साथ है।”
30.86 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात
मुख्यमंत्री ने विधायक की मांगों से जुड़ा पत्र अपने पास लेते हुए कहा कि सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने 30.86 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में 16 प्रमुख सड़कों के निर्माण और उन्नयन के अलावा सांसद की मांग पर रेलवे ओवर ब्रिज की भी घोषणा की गई।
किसान सम्मेलन में मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि
यह पूरा घटनाक्रम शाजापुर जिले के कालापीपल में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रदेश सरकार के मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद महेंद्र सोलंकी, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी और अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।



