
झांसी पुलिस लाइन में तैनात दारोगा की अचानक मौत, तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम, हार्ट अटैक की आशंका
झांसी: झांसी पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक कमलेश कुमार की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। फिलहाल नवाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुबह वॉशरूम से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
मूल रूप से इटावा जिले के लवेदी थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव निवासी 58 वर्षीय कमलेश कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। बाद में पदोन्नति के जरिए वह उपनिरीक्षक बने। करीब एक माह पहले उनका तबादला फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ से झांसी हुआ था, जिसके बाद से वह पुलिस लाइन में तैनात थे।
पत्नी मंजू के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ बजे कमलेश कुमार नींद से उठने के बाद वॉशरूम गए थे। लौटने पर उन्होंने बेचैनी और सिर में तेज दर्द की शिकायत की। कुछ ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
उपनिरीक्षक कमलेश कुमार के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारी और उनके सहकर्मी जिला अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी। उनके निधन से विभाग में गहरा दुख व्यक्त किया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कमलेश कुमार अपने पीछे पत्नी मंजू, दो बेटे और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा आलोक लखनऊ सचिवालय में कार्यरत है और उसका विवाह हो चुका है। वहीं छोटा बेटा विवेक बेंगलुरु में सीपीडब्ल्यूडी में तैनात है। पिता के निधन की सूचना मिलते ही दोनों बेटे झांसी के लिए रवाना हो गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
पुलिस का कहना है कि उपनिरीक्षक की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, जबकि पुलिस सभी आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।



