उत्तर प्रदेशराज्य

नोएडा सेक्टर-66 अग्निकांड: पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, दो की मौत, 100 से ज्यादा लोगों को बचाया, सीएम योगी ने दिए निर्देश

नोएडा: नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव में बुधवार को पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

करीब 50 परिवार इमारत में फंसे थे

यह घटना फेज-3 थाना क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव की है। आग लगने के समय इमारत में करीब 50 परिवार मौजूद थे। हादसे में 26 वर्षीय स्नेहा और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत अभियान शुरू किया।

सीढ़ी लगाकर 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला

बचाव अभियान के दौरान दमकल कर्मियों ने आग लगी इमारत और उसके सामने स्थित दूसरी इमारत के बीच सीढ़ी लगाकर लोगों को बाहर निकाला। इस अभियान में 100 से अधिक लोगों की जान बचाई गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के पीछे इलेक्ट्रिक बाइक या एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

सीएम योगी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पूरे अभियान की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के लिए भी कहा गया है।

इमारत का मुख्य गेट सील, लोगों ने जताई नाराजगी

घटना के बाद फेज-3 थाना पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित रखने के उद्देश्य से इमारत का मुख्य गेट सील कर दिया। इससे वहां रहने वाले लोग अपने कमरों तक नहीं पहुंच सके। प्रभावित लोगों ने पुलिस से कमरे में जाकर नुकसान का आकलन करने और अपना सामान निकालने की अनुमति देने की मांग की।

थप्पड़ मारने का आरोप, मौके पर हुआ हंगामा

घटना के दौरान मृतका स्नेहा के भाई ने अपनी बहन का सामान कमरे से निकालने की अनुमति मांगी। आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिस अधिकारी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।

दुकानदार की सतर्कता से बचीं कई जानें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास के दुकानदार अमन ने आग लगते ही शोर मचाकर लोगों को बाहर निकलने के लिए सतर्क किया। उसकी सतर्कता के चलते कई लोग समय रहते इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे।

Related Articles

Back to top button