12 अगस्त को लगेगा साल का दूसरा पूर्ण सूर्य ग्रहण, जानिए भारत में दिखेगा या नहीं और सूतक काल रहेगा या नहीं

नई दिल्ली: वर्ष 2026 का दूसरा और सबसे महत्वपूर्ण पूर्ण सूर्य ग्रहण 12 अगस्त को लगने जा रहा है। खगोल विज्ञान और ज्योतिष, दोनों ही दृष्टिकोण से इस ग्रहण को विशेष माना जा रहा है। इस दौरान चंद्रमा पूरी तरह सूर्य को ढक लेगा, जिसके कारण पृथ्वी के कुछ हिस्सों में दिन के समय भी अंधकार छा जाएगा।
किन देशों में दिखाई देगा पूर्ण सूर्य ग्रहण?
खगोलीय गणनाओं के अनुसार, यह पूर्ण सूर्य ग्रहण ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन, रूस और अटलांटिक महासागर के कुछ क्षेत्रों में दिखाई देगा। वहीं यूरोप के अधिकांश हिस्सों, उत्तरी अमेरिका के कुछ इलाकों और उत्तर-पश्चिम अफ्रीका में यह आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में नजर आएगा।
क्या भारत में दिखाई देगा सूर्य ग्रहण?
यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। भारतीय समय के अनुसार ग्रहण रात के समय लगेगा, इसलिए देश में इसकी दृश्यता नहीं रहेगी। इसी वजह से धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भारत में इस ग्रहण का सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।
सूर्य ग्रहण का समय
भारतीय समय के अनुसार यह ग्रहण 12 अगस्त को रात 9:04 बजे शुरू होगा और 13 अगस्त को तड़के 1:27 बजे समाप्त होगा। ग्रहण का अधिकतम प्रभाव रात 11:17 बजे रहेगा।
क्या भारत में लगेगा सूतक काल?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। हालांकि शास्त्रों में यह भी माना गया है कि जो ग्रहण किसी स्थान पर दिखाई नहीं देता, वहां सूतक काल प्रभावी नहीं होता। इसी कारण भारत में मंदिरों के कपाट सामान्य रूप से खुले रहेंगे और पूजा-पाठ सहित अन्य धार्मिक गतिविधियों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
ज्योतिषीय दृष्टि से क्यों है खास?
ज्योतिष के अनुसार यह सूर्य ग्रहण सिंह राशि और मघा नक्षत्र में लगेगा। सिंह राशि के स्वामी सूर्य माने जाते हैं, इसलिए ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस राशि के जातकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। ज्योतिष में ग्रहण को मौसम में बदलाव, वैश्विक घटनाओं और राजनीतिक गतिविधियों से भी जोड़कर देखा जाता है।
ग्रहण के दौरान क्या करना शुभ माना जाता है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भले ही भारत में ग्रहण दिखाई नहीं देगा, श्रद्धालु इस दौरान भगवान शिव या अपने इष्ट देव का स्मरण और मंत्र जाप कर सकते हैं। ग्रहण समाप्त होने के बाद गेहूं, गुड़, तांबे के बर्तन या लाल वस्त्र का दान करना शुभ माना जाता है।



