अन्तर्राष्ट्रीय

चीन में प्राकृतिक आपदा का कहर! भूस्खलन के बाद 546 लोग लापता, 49 भारतीय नागरिक भी शामिल

बीजिंग: चीन-नेपाल सीमा के पास ग्यिरोंग पोर्ट पर 26 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। दक्षिण-पश्चिम चीन के शिजांग स्वायत्त क्षेत्र में हुई इस प्राकृतिक आपदा में शनिवार शाम छह बजे तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 546 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 49 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

23 देशों के 261 विदेशी नागरिक लापता

स्थानीय प्रशासन के अनुसार लापता लोगों में 23 देशों के 261 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 104 नागरिक नेपाल के हैं। भारत के 49 नागरिकों के अलावा लातविया के 33, अमेरिका के 18 और ब्रिटेन के 15 नागरिकों का भी अब तक पता नहीं चल सका है। कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के छह-छह नागरिक लापता बताए गए हैं।

प्रशासन के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका के चार नागरिकों के अलावा मलेशिया, जर्मनी और रूस के तीन-तीन नागरिक भी लापता हैं। आयरलैंड और एस्टोनिया के दो-दो नागरिकों की जानकारी नहीं मिल पाई है। फ्रांस, नीदरलैंड और न्यूजीलैंड समेत अन्य देशों के नागरिकों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

विदेशी नागरिकों के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन शुरू

अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद तिब्बत प्रशासन ने लापता विदेशी नागरिकों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए दो 24 घंटे की अंग्रेजी हेल्पलाइन शुरू की हैं। इनके जरिए लापता विदेशी नागरिकों के परिजन अपने रिश्तेदारों की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।

प्रशासन के मुताबिक हेल्पलाइन के माध्यम से प्रभावित परिवारों तक जरूरी सूचना और सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कई विभाग मिलकर कर रहे जानकारी का मिलान

शिजांग क्षेत्र की सरकार के सूचना कार्यालय की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने बताया कि विदेश मामलों, सार्वजनिक सुरक्षा, संस्कृति एवं पर्यटन और आपातकालीन प्रबंधन विभाग संयुक्त रूप से कई स्तरों पर जांच कर रहे हैं। अलग-अलग स्रोतों से मिली जानकारियों का मिलान भी किया जा रहा है।

चीनी अधिकारियों ने संबंधित देशों के दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों को भी स्थिति की जानकारी दी है। प्रशासन के अनुसार ग्यिरोंग पोर्ट और आसपास के इलाकों में कई चरणों में तलाशी अभियान चलाया जा चुका है।

ग्यिरोंग काउंटी में कोई विदेशी पर्यटक नहीं फंसा

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल ग्यिरोंग काउंटी में कोई विदेशी पर्यटक फंसा हुआ नहीं है। हालांकि बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने के कारण खोज और बचाव अभियान लगातार जारी है।

प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के साथ लापता लोगों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाने में लगा है। 49 भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके परिजनों की चिंता भी बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button