मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर में ‘कलेक्टर साहब’ का फर्जी रौब! खुद को IAS बताकर घूम रहा था 28 साल का युवक, घर पर लगाई नकली नेम प्लेट; पुलिस ने दबोचा

इंदौर: शहर में खुद को आईएएस अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले 28 वर्षीय युवक को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर मकान पर ‘IAS RAJ SONI – District Collector’ की फर्जी नेम प्लेट लगा रखी थी। पुलिस ने जब उससे पदस्थापना और आईएएस अधिकारी होने से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह कोई संतोषजनक प्रमाण नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान हिमांशु पांचाल के रूप में हुई।

2 सितंबर को मिली सूचना, पुलिस ने शुरू की जांच

लसूड़िया थाना पुलिस को 2 सितंबर को सूचना मिली थी कि ओमेक्स सिटी-1 स्थित शुभ आंगन प्रीमियम के मकान नंबर 1565-ए में रहने वाला युवक खुद को आईएएस अधिकारी बताता है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। आरोप है कि वह आईएएस अधिकारी होने का प्रभाव दिखाकर लोगों पर अपना रौब जमाता था।

खुद को राज सोनी और जिला कलेक्टर बताता था

एसीपी पराग सैनी और थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान मालिक और वहां रहने वाले किरायेदारों से पूछताछ में पता चला कि ऊपरी हिस्से में रहने वाला युवक खुद को राज सोनी बताता था और दावा करता था कि वह जिला कलेक्टर है।

दस्तावेज मांगे तो बदलने लगा पहचान

पुलिस ने युवक से उसका नाम, पदस्थापना और आईएएस अधिकारी होने से संबंधित दस्तावेज मांगे। वह इनमें से कोई ठोस प्रमाण नहीं दिखा पाया। पूछताछ के दौरान उसके बयान भी लगातार बदलते रहे। पुलिस की सख्ती के बाद उसने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल, पिता योगेश पांचाल, उम्र 28 वर्ष बताया।

अहमदाबाद का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार, हिमांशु पांचाल मूल रूप से अहमदाबाद, गुजरात का रहने वाला है। वह इंदौर के ओमेक्स सिटी में किराये के मकान में रह रहा था।

रुतबा और प्रभाव बढ़ाने के लिए रचता था फर्जी पहचान

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आईएएस अधिकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक, समाज में अपना रुतबा, प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ाने के लिए वह खुद को आईएएस अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता था। इसी झूठी पहचान को मजबूत दिखाने के लिए उसने घर पर फर्जी नेम प्लेट समेत प्रशासनिक अधिकारी से जुड़ी सामग्री रखी थी।

घर से मिली ‘IAS RAJ SONI’ वाली नेम प्लेट

पुलिस ने मौके से कई सामान जब्त किए। इनमें काले रंग की नेम प्लेट शामिल है, जिस पर ‘IAS RAJ SONI – District Collector’ लिखा हुआ था। इसके अलावा ‘IAS सत्यमेव जयते’ लिखा फोटो फ्रेम और ‘सत्यमेव जयते – कलेक्टर साहब’ लिखी अन्य सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस को आरोपी के पास प्रशासनिक अधिकारी के तौर पर खुद को प्रदर्शित करने वाली दूसरी सामग्री भी मिली है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार

जब्त सामान और आरोपी की गतिविधियों के आधार पर लसूड़िया थाने में अपराध क्रमांक 1370/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 204 के तहत मामला दर्ज कर हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे पूछताछ और जांच जारी है।

गुजरात में पहले से दर्ज है मामला

पुलिस रिकॉर्ड की जांच के दौरान आरोपी से जुड़ा गुजरात के गांधीनगर जिले के अडालज थाने का एक पुराना मामला भी सामने आया है। रिकॉर्ड के अनुसार, वहां 23 मई 2026 को एफआईआर क्रमांक 441/2026 दर्ज की गई थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) और 318(2) के तहत दर्ज है।

Related Articles

Back to top button