सफर में बार-बार आती है उल्टी और जी मिचलाता है? साथ रखें ये 4 चीजें, यात्रा के दौरान मिलेगी राहत

नई दिल्ली: कई लोगों के लिए सफर का मजा उस वक्त किरकिरा हो जाता है, जब रास्ते में जी मिचलाने, बेचैनी या उल्टी की समस्या शुरू हो जाती है। कार, बस या लंबी यात्रा के दौरान होने वाली यह परेशानी कई बार इतनी बढ़ जाती है कि लोग सफर करने से ही बचने लगते हैं। हालांकि, कुछ सामान्य घरेलू चीजें ऐसी हैं जिन्हें यात्रा के दौरान अपने साथ रखा जा सकता है और जी मिचलाने या उल्टी की परेशानी में राहत पाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
सफर में उल्टी से राहत के लिए अदरक
अदरक का इस्तेमाल जी मिचलाने की समस्या में राहत के लिए किया जाता है। यह पेट की जलन और बेचैनी को कम करने में मदद कर सकता है। अगर सफर के दौरान उल्टी की शिकायत होती है तो अदरक अपने साथ रखा जा सकता है। अदरक की चाय, अदरक की कैंडी या गर्म पानी में एक चम्मच कुटा हुआ अदरक मिलाकर लिया जा सकता है। इसके अलावा लौंग भी साथ रखी जा सकती है, जिसका इस्तेमाल उल्टी की परेशानी में राहत के लिए किया जाता है।
केला भी आ सकता है काम
सफर के दौरान जी मिचलाने या डिहाइड्रेशन जैसा महसूस होने पर केला खाया जा सकता है। इसमें पोटेशियम पाया जाता है, जो शरीर में इसकी कमी को पूरा करने में मदद कर सकता है। लंबी ड्राइव के दौरान उल्टी या बेचैनी की समस्या होने पर केला खाने से भी राहत मिल सकती है।
नींबू रखें साथ
जिन लोगों को यात्रा के दौरान बार-बार उल्टी या बेचैनी होती है, वे अपने साथ नींबू रख सकते हैं। सफर में गर्म पानी साथ ले जाना भी उपयोगी हो सकता है। जी मिचलाने या उल्टी जैसा महसूस होने पर गर्म पानी में नींबू का रस और नमक मिलाकर पीने से राहत मिलने की बात कही गई है।
पुदीना से भी मिल सकती है राहत
सफर के दौरान जी मिचलाने और उल्टी की परेशानी में पुदीने का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। पुदीना पेट को ठंडक देने और मांसपेशियों को आराम पहुंचाने में मदद कर सकता है। इसके लिए पुदीने की गोली ली जा सकती है या पुदीने का शरबत बनाकर पिया जा सकता है।



