किडनी को हेल्दी रखने के साथ कई फायदे देती हैं ये 5 चीजें, डाइट में जरूर करें शामिल

नई दिल्ली: किडनी हमारे शरीर का एक बेहद महत्वपूर्ण अंग है, जो शरीर से अतिरिक्त पानी और गंदगी बाहर निकालने में मदद करता है। किडनी की अहमियत के बावजूद कई लोग इसकी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते, जिसके चलते उन्हें किडनी से जुड़ी विभिन्न बीमारियों का सामना करना पड़ सकता है। किडनी शरीर में एक फिल्टर की तरह काम करती है और विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करती है। डाइट एक्सपर्ट डॉक्टर रंजना सिंह के अनुसार, खराब खान-पान का किडनी पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इससे किडनी में स्टोन बनने से लेकर किडनी कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा हो सकता है। ऐसे में किडनी को स्वस्थ रखने के लिए डाइट में हेल्दी चीजों को शामिल करना जरूरी है।
जब किडनी पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ता है तो कई बार इसके फेल होने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसके पीछे गलत खान-पान, खराब आदतें और अनियमित जीवनशैली जैसी वजहें हो सकती हैं। ऐसे में किडनी की सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जिन्हें डाइट में शामिल करके किडनी को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
क्या काम करती है किडनी?
किडनी शरीर का अहम हिस्सा है। इसका मुख्य काम शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को फिल्टर करके बाहर निकालना है। इसके अलावा यह शरीर में रसायनों और स्वस्थ रक्त की आपूर्ति के संतुलन को बनाए रखने में भी मदद करती है।
पालक
पालक किडनी के लिए फायदेमंद मानी जाती है। यह हरी पत्तेदार सब्जी है, जिसमें विटामिन ए, सी और के के साथ आयरन, मैग्नीशियम और फोलेट भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। पालक में मौजूद बीटा-कैरोटीन रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करता है। इसे डाइट में शामिल करके किडनी को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
फूलगोभी
फूलगोभी विटामिन सी, फोलेट और फाइबर का अच्छा स्रोत मानी जाती है। इसमें इंडोल्स, ग्लूकोसिनोलेट्स और थियोसायनेट्स भी पाए जाते हैं। फूलगोभी का सेवन किडनी को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।
अनानास
पालक के अलावा अनानास को भी किडनी की सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। इसके नियमित सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद मिल सकती है। अनानास में अच्छी मात्रा में फाइबर मौजूद होता है, जो किडनी से संबंधित बीमारियों को कम करने में मदद कर सकता है।
शिमला मिर्च
शिमला मिर्च भी किडनी के लिए लाभकारी मानी जाती है। इसके नियमित सेवन से किडनी को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। शिमला मिर्च एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है और इसमें विटामिन सी भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। किडनी को स्वस्थ रखने के लिए इसे डाइट में शामिल किया जा सकता है।
लहसुन
डॉक्टर के अनुसार, लहसुन किडनी के लिए बेहद लाभकारी है। इसमें सोडियम, पोटेशियम और फॉस्फोरस की मात्रा बेहद कम होती है, जो किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए फायदेमंद मानी जाती है। डाइट में लहसुन को शामिल करके किडनी को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।



