बिहारराज्य

पटना में छात्रा से बीच सड़क छेड़खानी और मारपीट, विरोध करने पर दो मनचलों ने पीटा; CCTV में कैद हुई तस्वीर

पटना: पटना सिटी में कोचिंग से घर लौट रही दसवीं की छात्रा के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। खाजेकलां थाना क्षेत्र के बरकत खां का अखाड़ा के पास सोमवार देर शाम दो युवकों ने छात्रा को रोककर छेड़खानी की। छात्रा ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।

पीड़िता ने मंगलवार को खाजेकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

कोचिंग से सहेलियों के साथ लौट रही थी छात्रा

मेहंदीगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा गुरहट्टा स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान में पढ़ती है। छात्रा के मुताबिक, सोमवार शाम करीब पौने आठ बजे वह दो सहेलियों के साथ पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान जब वे खाजेकलां थाना क्षेत्र के बरकत खां का अखाड़ा के पास पहुंचीं, तो वहां पहले से खड़े दो युवकों ने छात्रा से छेड़खानी शुरू कर दी।

छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की। छात्रा और उसकी सहेलियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आते देख दोनों आरोपी वहां से भाग गए।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपियों की तस्वीर स्पष्ट रूप से कैद हुई है। एएसपी राजकिशोर सिंह के मुताबिक, CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

पीड़िता और उसकी सहेलियों ने भी फुटेज देखकर दोनों की पहचान की पुष्टि की है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

छात्रा से दुष्कर्म के आरोपित समेत तीन गिरफ्तार

पटना में एक अन्य मामले में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपित बॉबी समेत तीन लोगों को शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, बॉबी मूल रूप से अथमलगोला का रहने वाला है। घटना के बाद वह अथमलगोला छोड़कर रामकृष्णानगर इलाके में रहने लगा था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने उस होटल के संचालक को भी गिरफ्तार किया है, जहां कमरे में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिए जाने का आरोप है। गिरफ्तार लोगों में नालंदा निवासी जितेंद्र कुमार और रामकृष्णानगर निवासी दिनेश कुमार शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button