
नई दिल्ली: दिल्ली के मौजपुर इलाके में मंगलवार रात एक रेस्टोरेंट के किचन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग से बचने के लिए वहां मौजूद कुछ लोगों ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया, जबकि दमकल की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची थी।
मुख्य जाफराबाद रोड स्थित रेस्टोरेंट में लगी आग
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात करीब 10:34 बजे वेलकम थाना क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि मौजपुर की मुख्य जाफराबाद रोड पर दुकान नंबर 169 में स्थित उधम रेस्टोरेंट में आग लगी थी। आग रेस्टोरेंट की रसोई में लगी थी, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई।
आग से बचने के लिए पहली मंजिल से कूदे लोग
रेस्टोरेंट के किचन में आग लगने के बाद वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद आग लगने के दौरान मची अफरा-तफरी का पता चला।
कर्मचारियों ने आग पर पाया काबू, दमकल की गाड़ी भी पहुंची
जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की और उस पर काबू पा लिया। इस बीच दमकल की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। आग बुझने के बाद राहत मिली कि किसी के घायल होने की खबर नहीं आई।
आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल रेस्टोरेंट में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी



