मध्य प्रदेशराज्य

उज्जैन से आज शुरू होगी दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’, पहले महाकाल और चिंतामन गणेश के किए दर्शन

उज्जैन: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ मंगलवार को उज्जैन से शुरू हो रही है। यात्रा के शुभारंभ से पहले उन्होंने चिंतामन गणेश मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन किए। इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और हरसिद्धि मंदिर में पूजा-अर्चना की। यात्रा की शुरुआत से पहले दिग्विजय सिंह ने धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया।

पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन कार्यक्रम में हुए शामिल

मंदिरों में दर्शन-पूजन करने के बाद दिग्विजय सिंह असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण और पूजन किया जा रहा है। यात्रा के शुभारंभ से पहले इन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कई प्रमुख धर्मगुरुओं ने किया यात्रा का समर्थन

दिग्विजय सिंह की इस यात्रा को शुरू होने से पहले ही कई प्रमुख धर्मगुरुओं का समर्थन मिल चुका है। ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने यात्रा के समर्थन में पत्र जारी कर शुभकामनाएं दी हैं।

इसके अलावा अग्निपीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर ब्रह्मर्षि रामकृष्णानंद ने भी यात्रा का समर्थन किया है। अयोध्या के संत और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे संतोष दुबे ने भी दिग्विजय सिंह की इस पहल को समर्थन दिया है।

930 किलोमीटर की यात्रा उज्जैन से अयोध्या तक जाएगी

दिग्विजय सिंह की 930 किलोमीटर लंबी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ विजयादशमी के दिन शिवधाम उज्जैन से शुरू होकर रामधाम अयोध्या तक जाएगी। इस यात्रा का उद्देश्य धर्म के नाम पर हो रहे अधर्म, मंदिरों में चढ़ावे की चोरी और देवस्थानों की मर्यादा से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण करना है। यात्रा के माध्यम से सनातन धर्म के वास्तविक स्वरूप और उसके मूल्यों के प्रति समाज को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button