गरबा पंडाल से बाहर खींचकर नाबालिग लड़की को पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार

मुंबई: महाराष्ट्र के नालासोपारा ईस्ट के संतोषभुवन इलाके में गरबा कार्यक्रम के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 18 साल के एक युवक ने लड़की को गरबा पंडाल से बाहर खींचा और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पेल्हार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बात बंद करने से नाराज था युवक
पुलिस के मुताबिक, लड़की और आरोपी एक-दूसरे के दोस्त थे। हालांकि, लड़की ने जब युवक से बातचीत बंद कर दी, तो वह नाराज हो गया। इसी नाराजगी के चलते सोमवार रात घटना हुई। लड़की संतोषभुवन के गारेल पाडा में आयोजित गरबा कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। आरोप है कि युवक ने उसे पंडाल से बाहर खींचकर थप्पड़ मारे और उसके साथ मारपीट की।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
मारपीट की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पेल्हार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पेल्हार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक सचिन कांबले ने बताया कि लड़की और आरोपी पहले दोस्त थे। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।



