करिअर

UGC NET दिसंबर 2026: असिस्टेंट प्रोफेसर और JRF बनने का मौका, 28 अक्टूबर तक भरें आवेदन; जानें परीक्षा की तारीखें

नई दिल्ली: विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने, जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) हासिल करने या पीएचडी में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर सकते हैं। इसके बाद विलंब शुल्क के साथ आवेदन का मौका भी दिया जाएगा।

कब तक कर सकते हैं आवेदन?

यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए अभ्यर्थी 28 अक्टूबर 2026 को रात 11:50 बजे तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 29 से 31 अक्टूबर तक 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा।

आवेदन में सुधार के लिए ऑनलाइन करेक्शन विंडो 2 नवंबर से 4 नवंबर 2026 तक खोली जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

14 से 21 दिसंबर तक होगी परीक्षा

एनटीए के जारी कार्यक्रम के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा 14 दिसंबर से 21 दिसंबर के बीच देशभर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के रूप में आयोजित की जाएगी। परीक्षा कुल 87 विषयों में होगी।

इस परीक्षा के जरिए तीन श्रेणियों में पात्रता निर्धारित की जाती है:

  • जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए।
  • असिस्टेंट प्रोफेसर पद और पीएचडी में प्रवेश के लिए।
  • केवल पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए।

कौन कर सकता है आवेदन?

सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में मास्टर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। वहीं, ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।

चार वर्षीय स्नातक डिग्री वाले अभ्यर्थी भी यूजीसी नेट के लिए पात्र हो सकते हैं। आठ सेमेस्टर की चार वर्षीय स्नातक डिग्री में कम से कम 75 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले उम्मीदवार जेआरएफ और पीएचडी के लिए सीधे पात्र होंगे। हालांकि, इस योग्यता के आधार पर वे असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्र नहीं होंगे।

JRF के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष

जेआरएफ के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु 1 जून 2026 को 30 वर्ष होनी चाहिए। एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को ऊपरी आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी।

असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है।

तीन घंटे की होगी परीक्षा, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग

यूजीसी नेट परीक्षा कुल 180 मिनट यानी तीन घंटे की होगी। दोनों प्रश्नपत्रों के बीच कोई अंतराल नहीं दिया जाएगा।

  • पेपर 1: 50 प्रश्न, कुल 100 अंक। इसमें शिक्षण और शोध अभिरुचि, तर्कशक्ति तथा सामान्य जागरूकता से जुड़े सवाल होंगे।
  • पेपर 2: 100 प्रश्न, कुल 200 अंक। इसमें उम्मीदवार के चुने हुए विषय से प्रश्न पूछे जाएंगे।

प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक मिलेंगे। परीक्षा में गलत उत्तर के लिए कोई अंक नहीं काटा जाएगा।

कितना है आवेदन शुल्क?

यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए श्रेणी के अनुसार आवेदन शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है:

  • सामान्य वर्ग: 1,150 रुपये
  • ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल: 600 रुपये
  • एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थी: 325 रुपये

एनटीए ने पंजीकरण के दौरान आधार सत्यापन का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है। एजेंसी के मुताबिक, इससे परीक्षा केंद्र पर पहचान सत्यापन और आगे जेआरएफ प्रक्रिया में आसानी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button