धनतेरस और दीपावली पर मेरठ में फोर्स का हाईअलर्ट, डीआईजी कलानिधि नैथानी ने की पैदल गश्त
डीआईजी ने बीट आरक्षियों एवं हल्का चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त में आमजन से संवाद करने के निर्देश दिए।
मेरठ। मेरठ में धनतेरस, दिवाली व आगामी त्योहारों के लिए पूरे रेंज में फोर्स हाई अलर्ट पर है। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी नैथानी ने त्यौहारों के दृष्टिगत मेरठ शहर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

सर्राफा दुकानों की सुरक्षा का भी किया आंकलन किया
डीआईजी ने बेगमपुल, आबूलेन बाजार, घंटाघर, शहर सर्राफा व भीड़ भाड़ वाले बाजारो में पैदल गश्त की। इस दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी ने सर्राफा दुकानों की सुरक्षा का भी किया आंकलन किया। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रान्तर्गत पडने वाली सर्राफा दुकानो के मेन गार्डो को ब्रीफ किया। इस दौरान डीआईजी ने आम जनमानस, व्यापारियों, रिक्शा चालकों व छात्रों आदि से बातचीत की। डीआईजी ने बीट आरक्षियों एवं हल्का चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त में आमजन से संवाद करने के निर्देश दिए।

प्रमुख बाजारों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त किया
डीआईजी कलानिधि नैथानी के साथ एसपी सिटी मेरठ विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव व अन्य भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने धनतेरस व दीवाली के दृष्टिगत मेरठ शहर के प्रमुख बाजारों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त किया। सर्राफा बाजार व भीड़ भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त कर सर्राफा दुकानों की सुरक्षा का आंकलन किया। सर्राफा दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं मुख्य गार्डो की ब्रीफिंग करने हेतु सर्व सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बीट आरक्षी एवं हल्का चौकी प्रभारी नियमित रूप से अपनी अपनी बीट मे गश्त करें
सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि गश्त को अपनी आदत मे डालें खासतौर से बीट आरक्षी एवं हल्का चौकी प्रभारी नियमित रूप से अपनी अपनी बीट मे गश्त करें। आम जनमानस के साथ संवाद कर समस्या जानने पर ज्यादा विश्वास रखें,पैदल गश्त में संख्या से ज्यादा संवाद और अपराध नियंत्रण पर ध्यान दें।



