राजस्थान

16 अगस्त को अलवर दौरे पर आएंगे अमित शाह, 250 करोड़ के सरस डेयरी प्लांट का करेंगे शिलान्यास

अलवर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को राजस्थान के अलवर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। अमित शाह सरस डेयरी में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे अलवर मेडिकल कॉलेज के नए भवन का उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भी शामिल होने की संभावना है।

250 करोड़ के डेयरी प्लांट की रखेंगे आधारशिला

दौरे का सबसे प्रमुख कार्यक्रम सरस डेयरी परिसर में बनने वाले आधुनिक डेयरी प्लांट का शिलान्यास होगा। लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह प्लांट अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा। इसके शुरू होने से दूध प्रसंस्करण क्षमता में बढ़ोतरी होगी और डेयरी क्षेत्र से जुड़े किसानों व दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

अलवर मेडिकल कॉलेज के नए भवन का होगा उद्घाटन

गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे के दौरान अलवर मेडिकल कॉलेज के नए भवन का भी उद्घाटन करेंगे। नए भवन के संचालन से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ मेडिकल शिक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन से मरीजों को बेहतर उपचार और मेडिकल छात्रों को उन्नत शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे।

विशाल जनसभा को करेंगे संबोधित

सरस डेयरी परिसर में आयोजित जनसभा को भी अमित शाह संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। भाजपा संगठन ने बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह दौरा विकास परियोजनाओं के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

प्रशासन ने तैयारियां की तेज

गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, जनसभा स्थल, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

समीक्षा बैठक में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन का कहना है कि गृह मंत्री के दौरे को लेकर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

Related Articles

Back to top button