मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे की बड़ी कार्रवाई, खरखौदा थाना प्रभारी को किया निलंबित
एसएसपी ने कहा कि गुमशुदगी जैसे संवेदनशील मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
Meerut News : मेरठ एसएसपी अविनाश पांडे ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरखौदा थाना प्रभारी राजपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए ये कार्रवाई की है। थाना प्रभारी के निलंबन के बाद दो थाना प्रभारियों को चेतावनी जारी की है।
वायरलैस पर थाना प्रभारियों की ब्रीफिंग
एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे ने ये कार्रवाई उस समय की जब वो वायरलैस पर थाना प्रभारियों की ब्रीफिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खरखौदा थाना प्रभारी से एक गुमशुदगी के मामले की जानकारी मांगी। इस पर थाना प्रभारी को स्पष्ट जवाब नहीं दे सका और मामले में अनभिज्ञता जताई। थाना प्रभारी की इस लापरवाही को एसएसपी ने गंभीरता लेते हुए मौके पर ही इंस्पेक्टर राजपाल सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए। एसएसपी ने कहा कि गुमशुदगी जैसे संवेदनशील मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
दो दिन पहले एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज
बताया जाता है कि दो दिन पहले ही थाना खरखौदा क्षेत्र के एक परिवार ने एसएसपी कार्यालय में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में एसएसपी लगातार नजर रख रहे थे। मामले की जानकारी न होने पर थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आई।
इन थानेदारों को दी चेतावनी
इसके अलावा सदर बाजार और भावनपुर थाना प्रभारियों को भी कार्य में लापरवाही के चलते चेतावनी दी है। एसएसपी की इस कार्रवाई को महकमे में बड़ा कदम माना जा रहा है।



