
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में भाजपा नेता उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बबरगंज थाना क्षेत्र में हुई इस हत्या के तीन दिन बाद पुलिस ने सोमवार को नगर निगम की वार्ड संख्या 51 की पार्षद और मामले की नामजद आरोपी दीपिका कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 अलग-अलग विशेष टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों की ओर से जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
शशि मोदी की पत्नी है गिरफ्तार पार्षद
पुलिस के मुताबिक, फरार चल रही दीपिका कुमारी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। दीपिका स्थानीय भाजपा नेता शशि मोदी की पत्नी हैं। उमा भूषण तांती की हत्या के मामले में उनका नाम नामजद आरोपियों में शामिल था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की पूछताछ और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
अन्य आरोपियों की भी पहचान, गिरफ्तारी का दावा
SSP प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मंगलवार दोपहर तक उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विशेष पुलिस टीमें तकनीकी और मानवीय सहयोग के आधार पर जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।



