दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी दफ्तरों में 24 डिग्री से नीचे नहीं चलेगा AC… बिजली बचाने के लिए लागू हुए नए नियम

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ती बिजली खपत के बीच सरकार ने ऊर्जा बचत को लेकर बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी दफ्तरों में एयर कंडीशनर के इस्तेमाल को लेकर नई गाइडलाइंस जारी करते हुए साफ निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी सरकारी कार्यालय में AC का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं रखा जाएगा। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य बिजली की अनावश्यक खपत को रोकना और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना है।
दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग और समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी सरकारी कार्यालयों में AC का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बनाए रखना होगा। यह नियम दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सभी विभागों, स्थानीय निकायों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्त संस्थानों में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
दफ्तरों में प्राकृतिक रोशनी के इस्तेमाल पर जोर
सरकार ने बिजली बचत को लेकर सिर्फ AC तक ही सीमित नहीं रखा है, बल्कि सरकारी दफ्तरों में ऊर्जा के अन्य स्रोतों के इस्तेमाल को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। जारी गाइडलाइंस में कहा गया है कि दिन के समय दफ्तरों में अधिक से अधिक प्राकृतिक रोशनी का उपयोग किया जाए, ताकि बिजली की खपत कम हो सके।
इसके अलावा कार्यालयों के कॉरिडोर और सार्वजनिक हिस्सों में जरूरत से ज्यादा लाइटें जलाने से भी बचने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि छोटे-छोटे बदलावों के जरिए बड़े स्तर पर बिजली की बचत की जा सकती है।
नियमों के पालन की जिम्मेदारी अधिकारियों पर
दिल्ली सरकार ने इन दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर संबंधित विभागों के प्रमुखों और शाखा प्रभारियों को जिम्मेदार ठहराया है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि किसी कार्यालय में नियमों की अनदेखी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी सीधे तौर पर जवाबदेह होंगे।
इसके साथ ही सरकारी दफ्तरों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिजली बचत को लेकर व्यवहारिक बदलाव लाया जा सके।



