
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दीपक नांदल गैंग के चार बदमाशों को मार गिराया। पुलिस के अनुसार मारे गए सभी बदमाश विदेश से संचालित दीपक नांदल गैंग से जुड़े थे। मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
कारोबारी के घर फायरिंग की सूचना के बाद पहुंची क्राइम ब्रांच
जानकारी के मुताबिक पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में कुछ हथियारबंद बदमाश एक स्कॉर्पियो में सवार होकर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही बदमाश एक कारोबारी के घर पर फायरिंग शुरू कर चुके थे। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
सरेंडर करने को कहा तो पुलिस पर ही चला दी गोलियां
क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
चार बदमाशों की मौत, एक अस्पताल में भर्ती
घायल बदमाशों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। पांचवें घायल बदमाश का इलाज जारी है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से पांच ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद किए हैं।
तीन पुलिसकर्मी घायल, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
इस मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम के डिप्टी पुलिस कमिश्नर (क्राइम) और डीसीपी (ईस्ट) मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब मारे गए बदमाशों की पहचान और पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
विदेश से मांगी जा रही थी रंगदारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विदेश में बैठा एक गैंगस्टर लंबे समय से एक कारोबारी से रंगदारी की मांग कर रहा था। रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों ने सुशांत लोक स्थित कारोबारी के घर पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में मारे गए चारों बदमाशों को विदेश में सक्रिय दीपक नांदल गैंग के शूटर बताया जा रहा है।



