राष्ट्रीय

मौसम का बड़ा अपडेट: 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं आंधियां, उत्तर से दक्षिण तक बारिश का अलर्ट; कई राज्यों में गर्मी से राहत

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर, मध्य, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते देश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव का प्रभाव लगभग समाप्त हो गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और माहे में भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बदलेगा मौसम

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 2 से 5 जून के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं महाराष्ट्र में 5 जून तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। गुजरात में 3 से 7 जून के बीच अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना है। देश के अन्य अधिकांश हिस्सों में 7 जून तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

बुधवार को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश हो सकती है और कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने के संकेत दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button