CJI ने राहुल गांधी-खरगे समेत विपक्षी नेताओं से मिलने से किया इनकार, बोले- याचिका दाखिल करें, अदालत में होगी सुनवाई

नई दिल्ली: कांग्रेस और INDI गठबंधन को सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले बड़ा झटका लगा है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्षी नेताओं से मिलने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मुद्दों को विपक्ष उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन हैं, इसलिए मुलाकात के बजाय कानूनी प्रक्रिया के तहत याचिका दायर की जानी चाहिए।
ईमेल के जरिए दिया जवाब
सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष ने सोमवार शाम 4 से 5 बजे के बीच CJI से मिलने का समय मांगा था। इसके जवाब में CJI ने ईमेल के माध्यम से बताया कि जिन विषयों पर प्रतिनिधिमंडल चर्चा करना चाहता है, उन पर अदालत में पहले से सुनवाई चल रही है। ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही फैसला होगा।
‘राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल से प्रशासनिक मुलाकात का अधिकार नहीं’
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, CJI ने अपने जवाब में कहा कि सुप्रीम Court किसी भी राजनीतिक दल के प्रतिनिधिमंडल से इस तरह प्रशासनिक स्तर पर मुलाकात नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का दायित्व याचिकाओं पर सुनवाई करना और कानून के अनुसार निर्णय देना है। ऐसी मुलाकात शक्तियों के बंटवारे के संवैधानिक सिद्धांत के अनुरूप नहीं होगी।
सुप्रीम कोर्ट सभी नागरिकों के लिए खुला है
CJI ने अपने जवाब में यह भी कहा कि देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था के रूप में सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी नागरिकों के लिए हमेशा खुले हैं। उन्होंने कहा कि अदालत प्रत्येक व्यक्ति के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और न्याय पाने का उचित माध्यम न्यायिक प्रक्रिया ही है।
सुप्रीम कोर्ट मार्च की तैयारी जारी
CJI के इनकार के बावजूद विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च होने की संभावना जताई जा रही है। यह मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे अभियान का हिस्सा है। विपक्ष का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान अनियमितताएं हुई हैं। इसी मुद्दे पर सीजेपी और अन्य छात्र संगठन भी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
राष्ट्रपति से मिल चुका है विपक्षी प्रतिनिधिमंडल
इससे पहले 9 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला था। इसके बाद विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालकर CJI को कथित चुनावी धांधली से जुड़ा ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी।
राहुल गांधी ने सभी दलों से की शामिल होने की अपील
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि सभी भारतीयों का है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR से भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को राजनीतिक लाभ मिला है। राहुल गांधी ने सभी विपक्षी दलों से इस मार्च में शामिल होने की अपील भी की।



