राष्ट्रीय

CJP का ‘संसद चलो’ आंदोलन दूसरे दिन भी जारी: जंतर-मंतर पर फिर डटे प्रदर्शनकारी, घायलों से मिलेंगे केजरीवाल

नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का ‘संसद चलो’ आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने साफ कहा कि आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा और संसद तक मार्च का कार्यक्रम जारी रहेगा। सोमवार की पुलिस कार्रवाई के बाद हटाए गए प्रदर्शनकारी मंगलवार सुबह फिर जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल पर लौट आए। फिलहाल यहां करीब 100 प्रदर्शनकारी मौजूद हैं।

दिपके बोले- धरना जारी रहेगा

अभिजीत दिपके ने कहा कि प्रदर्शनकारी किसी भी स्थिति में धरना स्थल नहीं छोड़ेंगे और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने दोहराया कि संसद तक मार्च का फैसला बरकरार है।

पहले दिन पुलिस और प्रदर्शनकारियों में हुई थी झड़प

नीट पेपर लीक मामले को लेकर निकाला गया ‘संसद चलो’ मार्च सोमवार को उस समय हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने आंसू गैस के गोले दागे और सीमित बल प्रयोग किया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस झड़प में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं प्रदर्शन के दौरान पुलिस बसों में तोड़फोड़ की गई और 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।

सोनम वांगचुक की हालत स्थिर

सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार सोनम वांगचुक की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि उनके महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं, लेकिन ब्लड शुगर का स्तर अभी भी कम है। इसके अलावा शरीर में पोटेशियम की कमी, एनीमिया और कम ल्यूकोसाइट काउंट की समस्या बनी हुई है।

अस्पताल प्रशासन के मुताबिक उन्हें ओआरएस और ओरल पोटेशियम दिया जा रहा है। हालांकि उन्होंने डॉक्टरों की सलाह के बावजूद ग्लूकोज और ड्रिप लेने से इनकार किया है। लंबे समय से अनशन के कारण कमजोरी और डिहाइड्रेशन की स्थिति बनी हुई है।

दिलजीत दोसांझ ने दिया समर्थन

गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया के माध्यम से आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए।

घायल प्रदर्शनकारियों से मिलेंगे अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि वह मंगलवार सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद वह राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचकर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों से मुलाकात करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से दी।

पांच राज्यों को दिल्ली पुलिस का अलर्ट

आंदोलन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान के पुलिस महानिदेशकों को पत्र भेजकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का अनुरोध किया है। पुलिस ने राज्यों से कहा है कि यदि कोई समूह प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो, तो कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

पुलिस कार्रवाई के बाद फिर लौटे प्रदर्शनकारी

सोमवार को पुलिस द्वारा जंतर-मंतर से हटाए जाने के बाद अभिजीत दिपके केरल हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए थे। मंगलवार सुबह प्रदर्शनकारी एक बार फिर निर्धारित धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन दोबारा शुरू कर दिया।

Related Articles

Back to top button