
गर्मी की छुट्टियों पर CM योगी की खास पाती, बच्चों को ननिहाल-ददिहाल ले जाने की अपील
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मियों की छुट्टियों को लेकर बच्चों और अभिभावकों के नाम एक विशेष संदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में परिवार, संस्कार, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को छुट्टियों का अहम हिस्सा बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चे इस दौरान नई चीजें सीखें, परिवार के साथ समय बिताएं और प्रकृति के करीब जाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि गर्मी की छुट्टियां बच्चों के लिए केवल आराम का समय नहीं, बल्कि नए अनुभवों और व्यक्तित्व विकास का भी अवसर हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल की व्यस्त दिनचर्या से अलग यह समय बच्चों को अपनी रुचियों को पहचानने, नई आदतें विकसित करने और जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करने का मौका देता है।
नई भाषा और नए कौशल सीखने की सलाह
सीएम योगी ने बच्चों और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे छुट्टियों का उपयोग नई भाषा या नया कौशल सीखने में करें। उन्होंने कहा कि यह समय अच्छी किताबें पढ़ने, फोटोग्राफी, चित्रकारी, संगीत, पाक कला और बागवानी जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का भी बेहतरीन अवसर हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छुट्टियों के दौरान बच्चों को अपनी रुचियों के अनुसार नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
अभिभावकों से की खास अपील
अपने पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों से भी भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी दादा-दादी और नाना-नानी के साथ बिताए जाने वाले अनुभवों से दूर होती जा रही है। ऐसे में माता-पिता को चाहिए कि वे छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल और ददिहाल जरूर लेकर जाएं।
उन्होंने कहा कि परिवार के साथ बिताया गया समय बच्चों को संस्कारों, परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को करीब से समझने का अवसर देता है, जो उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बच्चों को प्रकृति से जोड़ने पर जोर
सीएम योगी ने बच्चों को प्रकृति के करीब लाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों के साथ पौधारोपण करें और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी उन्हें दें। साथ ही आसपास स्वच्छता बनाए रखने की आदत विकसित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बच्चे मिट्टी, जल और पेड़ों के महत्व को समझते हैं, तभी उनके भीतर पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित होती है। उन्होंने इसे मजबूत जड़ों वाले वृक्ष से जोड़ते हुए कहा कि जिस वृक्ष की जड़ें मजबूत होती हैं, वही सबसे अधिक फलदायी और दीर्घजीवी होता है।
प्रकृति और संस्कृति से जोड़ने की सलाह
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे स्थानों पर ले जाने की अपील भी की, जहां वे प्रकृति और लोक संस्कृति की विविधता को करीब से महसूस कर सकें। उन्होंने दुधवा राष्ट्रीय उद्यान, चूका बीच और कतर्निया घाट वन्यजीव विहार जैसे पर्यटन स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे स्थान बच्चों को प्रकृति की सुंदरता से परिचित कराते हैं और यात्रा को यादगार बना देते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि छुट्टियों के दौरान बच्चों को प्रकृति, संस्कृति और स्वास्थ्य से जोड़ा जाए, तो यह समय उनके जीवन की अमूल्य पूंजी बन सकता है।
प्लास्टिक मुक्त छुट्टियों का लिया जाए संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से गर्मी की छुट्टियों को प्लास्टिक मुक्त बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यात्रा या पिकनिक के दौरान कपड़े और जूट के थैलों का इस्तेमाल किया जाए तथा प्लास्टिक कचरा इधर-उधर न फैलाया जाए।
उन्होंने बच्चों को स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े बदलाव की नींव बनते हैं।



