सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे डीएम, डिलीवरी और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली
एक महीने में कितनी डिलीवरी की जाती है इसके बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
Meerut News: जिलाधिकारी डा0 वीके सिंह द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माछरा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, डिलीवरी कक्ष, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण व्यवस्था, भर्ती मरीजों, टीकाकरण, साफ-सफाई, शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
एक महीने में कितनी डिलीवरी की जाती है
उन्होने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। एक महीने में कितनी डिलीवरी की जाती है इसके बारे में संबंधित से जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और उनकी एक्सपायरी डेट की जांच की तथा निर्देश दिया कि उपलब्ध दवाओं की एक्सपायरी कम से कम अगले छह माह बाद की हो। उन्होंने भर्ती मरीजों से उनका हाल जाना एवं उनके तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मरीज को वहीं दवाई लिखें, जो अस्पताल में उपलब्ध हो
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि डॉक्टर मरीज को वहीं दवाई लिखें, जो अस्पताल में उपलब्ध हो अन्यथा उसकी कोई अल्टरनेटिव दवा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीज यहां बेहतर उपचार और अच्छी दवा के लिए आते है। उन्हें हर हाल में अच्छी सुविधा मिलनी चाहिए। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओ को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माछरा के चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।



