राष्ट्रीय

‘मोदी की गारंटी’ पर जोर: पीएम का दावा—इंफ्रा बजट छह गुना बढ़ा, देशभर में तेज हुई विकास परियोजनाएं

देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बुनियादी ढांचे की अहम भूमिका है और पिछले वर्षों में इस क्षेत्र में अभूतपूर्व तेजी आई है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 और 2026 के आंकड़ों की तुलना करते हुए बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर का बजट करीब छह गुना तक बढ़ चुका है।

2014 के मुकाबले कई गुना बढ़ा इंफ्रा निवेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में करीब दो लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा था, जबकि अब यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 12 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अकेले उत्तराखंड में ही इंफ्रा विकास पर उस समय के राष्ट्रीय स्तर से अधिक निवेश किया जा रहा है।

सड़क से लेकर हवाई कनेक्टिविटी तक तेज रफ्तार
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में सड़क, सुरंग, रोपवे, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं को ‘मोदी की गारंटी’ बताते हुए कहा कि भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की गति अब वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन चुकी है।

देरी से पहुंचने पर पीएम ने जताया खेद
कार्यक्रम में करीब एक घंटे की देरी से पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने आमजन से क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा कि लगभग 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों का अभिवादन करने में समय लग गया। साथ ही सहारनपुर और दिल्ली से वर्चुअली जुड़े लोगों से भी उन्होंने खेद व्यक्त किया।

यूसीसी पर उत्तराखंड सरकार की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समान नागरिक संहिता को लेकर उत्तराखंड सरकार के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने इस दिशा में पहल कर देश को नई राह दिखाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कर्मठ, युवा और लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि उनके फैसले संविधान की भावना को मजबूत करने वाले हैं।

संविधान की मजबूती पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के हालिया निर्णयों ने संविधान की गरिमा को मजबूत किया है। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बाद पूरे देश में संविधान पूरी तरह लागू हुआ और समान नागरिक संहिता उसी दिशा में अगला अहम कदम है।

केंद्र-राज्य समन्वय से विकास को गति
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रधानमंत्री के उत्तराखंड से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी राज्य को केंद्र का पूरा सहयोग मिलता रहेगा।

Related Articles

Back to top button