‘मां को पापा ने टैंक में छिपाया’, मासूम बेटे ने बताई मर्डर की कहानी

नबरंगपुर: ओडिशा के नबरंगपुर जिले के बोरगांव गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अफेयर के शक में एक शराबी पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को घर के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था. हालांकि, इस पूरी वारदात को चार साल के बेटे ने अपनी आंखों के सामने देखा.
बोरगांव गांव निवासी सुबाश गोंड अपनी पत्नी मनई गोंड और बच्चों के साथ 11 अप्रैल को एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर घर लौटा था. शादी से लौटने के बाद सुबाश शराब के नशे में था. घर पहुंचते ही उसने पत्नी के चरित्र पर शक जताते हुए विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह बहस हिंसक झगड़े में बदल गई.
आरोप है कि गुस्से में आकर सुबाश ने अपनी पत्नी मनई की बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर चोटों के कारण मनई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पत्नी की मौत के बाद सुबाश घबरा गया और पुलिस से बचने के लिए साजिश रचने लगा. उसने शव को छिपाने के लिए घर के सेप्टिक टैंक में डाल दिया और ऐसे व्यवहार करने लगा जैसे उसे कुछ पता ही न हो.
जब घर में मनई दिखाई नहीं दी तो पड़ोसियों और रिश्तेदारों को शक हुआ. पूछताछ करने पर सुबाश उन्हें गुमराह करने की कोशिश करता रहा. लेकिन इस पूरे मामले का सच तब सामने आया जब उसके चार साल के बेटे ने अपनी मासूमियत में पूरी घटना बयां कर दी.
बच्चे ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां को पीटा और फिर उसके शव को गड्ढे (सेप्टिक टैंक) में फेंक दिया. बच्चे की बात सुनकर गांव वाले हैरान रह गए. इसके बाद ग्रामीणों ने सुबाश को पकड़कर कड़ी पूछताछ की. पहले तो वह टालमटोल करता रहा, लेकिन गांव वालों के दबाव में आखिरकार उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
सूचना मिलने पर नबरंगपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक से मनई गोंड का शव बाहर निकाला. पुलिस ने आरोपी सुबाश को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. परिवार के सूत्रों के अनुसार, घटना के समय पत्नी भी नशे में थी. इस घटना ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है. एक तरफ मां की मौत हो गई, तो दूसरी तरफ पिता जेल पहुंच गया. अब इस मासूम बच्चे सहित परिवार के अन्य बच्चे अनाथ हो गए हैं.



