उत्तराखंड

पौड़ी: बारातियों को लेकर लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, 6 लोगों की मौत, राज्यपाल ने जताया दुःख

देहरादून: उत्तराखंड में पौड़ी जिले के चाकीसैन तहसील में बरातियों को लेकर वापस लौट रहे मैक्स वाहन के खाई में गिरने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा पैठाणी क्षेत्र में स्‍योली तल्‍ली व स्‍योलि मल्‍ली के बीच हुआ। हादसे में पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चार घायलों को पाबौ सीएचसी उपचार के लिए पहुंचाया गया। जहां एक और घायल ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि सियोली बरात गई थी। डोबरी वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।

आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार, दुर्घटना आज शाम करीब छह बजे की है। मैक्‍स वाहन से बराती शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इस दौरान मैक्‍स वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान रेस्‍क्‍यू आपरेशन शुरू किया गया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(से नि) ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के अंतर्गत स्योली के पास हुई वाहन दुर्घटना में मृतक व्यक्तियों के प्रति गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल ने दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Related Articles

Back to top button