CM के हेलीकॉप्टर तक पहुंचने के लिए दौड़े मंत्री! टीकमगढ़ में VIP काफिले का अनोखा नजारा, वायरल हुआ वीडियो

टीकमगढ़: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हेलीकॉप्टर में सवार होने के लिए राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार को हेलीपैड तक दौड़ लगानी पड़ी। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव टीकमगढ़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से खजुराहो के लिए रवाना होना था। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपने काफिले के साथ हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर में सवार हो गए। इसी दौरान हेलीकॉप्टर के रोटर भी घूमने शुरू हो चुके थे और उड़ान की तैयारियां पूरी हो रही थीं।
राज्यमंत्री पीछे रह गए, फिर दौड़कर पहुंचे हेलीकॉप्टर तक
इसी बीच राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार वीआईपी काफिले में कुछ पीछे रह गए। जैसे ही उन्हें एहसास हुआ कि हेलीकॉप्टर उड़ान भरने की तैयारी में है और वे पीछे छूट सकते हैं, उन्होंने बिना देर किए हेलीपैड की ओर दौड़ लगा दी।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राज्यमंत्री कुर्ता-पायजामा पहने तेजी से हेलीकॉप्टर की तरफ दौड़ रहे हैं। उनके पीछे सुरक्षा कर्मी भी भागते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ ही पलों में वह हेलीकॉप्टर तक पहुंच गए और मुख्यमंत्री के साथ उसमें सवार होकर रवाना हो गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो बना चर्चा का विषय
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। आमतौर पर वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षाकर्मी और अधिकारी मंत्रियों के साथ दौड़ते दिखाई देते हैं, लेकिन इस बार खुद मंत्री को हेलीकॉप्टर तक दौड़ते देख लोग हैरानी भी जता रहे हैं और इस दृश्य पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।



