राजनीतिराष्ट्रीय

Monsoon Session 2026: कांग्रेस का बड़ा प्लान तैयार, संसद में इन मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरेगा विपक्ष

नई दिल्ली: 20 जुलाई से शुरू होने जा रहे संसद के मानसून सत्र से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह आगामी सत्र में कई अहम मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति के साथ उतरेगी। पार्टी ने परिसीमन और जेल में बंद मंत्रियों एवं मुख्यमंत्रियों से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का संसद में कड़ा विरोध करने का ऐलान किया है।

मानसून सत्र की रणनीति तय करने के लिए गुरुवार को सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेस की अहम बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान आगामी संसदीय एजेंडे और सरकार को घेरने के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

वरिष्ठ नेताओं ने बनाई रणनीति

बैठक में कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, जयराम रमेश, पी. चिदंबरम, शशि थरूर और मनीष तिवारी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। नेताओं ने मानसून सत्र के दौरान विपक्ष की संयुक्त रणनीति और विभिन्न विधायी प्रस्तावों पर पार्टी के रुख को अंतिम रूप दिया।

इन मुद्दों पर सरकार से मांगे जाएंगे जवाब

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया पर उन प्रमुख मुद्दों की जानकारी दी, जिन्हें पार्टी संसद में उठाएगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चंदा-चोरी का मामला प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही NEET परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में कथित गिरावट को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

कांग्रेस ने कहा कि सरकार द्वारा लाए जाने वाले परिसीमन विधेयक और मंत्रियों को हटाने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का पुरजोर विरोध किया जाएगा। इसके अलावा महंगाई, बेरोजगारी और 3.5 करोड़ वाहन मालिकों पर इथेनॉल सम्मिश्रण थोपे जाने का मुद्दा भी संसद में उठाया जाएगा।

संविधान संशोधन विधेयकों के विरोध का ऐलान

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गृह मंत्री अमित शाह दो-तिहाई बहुमत के जरिए परिसीमन विधेयक को दोबारा लाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका विपक्ष पहले भी विरोध कर चुका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिसीमन विधेयक और 30 दिनों से अधिक समय तक हिरासत में रहने वाले मंत्रियों को पद से हटाने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का पूरी ताकत से विरोध करेगी। साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में किसी भी संशोधन और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक का भी विरोध किया जाएगा।

INDIA ब्लॉक की भी होगी अहम बैठक

जयराम रमेश ने बताया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी विपक्षी दल सोमवार को साझा बैठक करेंगे। इस बैठक में मानसून सत्र के दौरान सरकार के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार की जाएगी। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें कई महत्वपूर्ण विधेयकों और राष्ट्रीय मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button