राष्ट्रीय

तमिलनाडु की राजनीति में नया घमासान, TVK विधायक का दावा- ‘DMK में आने के लिए 100 करोड़ तक का ऑफर मिला’

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। श्रीवैकुंठम विधानसभा क्षेत्र से टीवीके विधायक जी. सरवनन ने आरोप लगाया है कि उन्हें सत्तारूढ़ डीएमके में शामिल होने के लिए 30 करोड़ रुपये से लेकर 100 करोड़ रुपये तक की पेशकश की गई। विधायक का यह भी दावा है कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं।

’30 करोड़, 50 करोड़, यहां तक कि 100 करोड़ का भी दिया गया प्रस्ताव’

पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जी. सरवनन ने दावा किया कि कई लोगों ने सीधे उनसे संपर्क कर भारी रकम की पेशकश की। उनके अनुसार, उन्हें 30 करोड़, 50 करोड़ और यहां तक कि 100 करोड़ रुपये तक देने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि वह डीएमके में शामिल हो जाएं। विधायक ने कहा कि जब उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो उन्हें लगातार परेशान किया गया और जान से मारने की धमकियां दी गईं।

‘मेरे पास आरोपों के पुख्ता सबूत हैं’

विधायक ने दावा किया कि उनके आरोप निराधार नहीं हैं और उनके पास इन कथित प्रयासों से जुड़े ठोस सबूत मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में तिरुनेलवेली का एक थिएटर मालिक शामिल है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि एक पूर्व मंत्री के चार समर्थकों ने भी उनसे इस कथित सौदे को लेकर संपर्क किया था।

‘विधायक कार्यालय तक पहुंचकर दी गई धमकी’

जी. सरवनन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सीधे उनके विधायक कार्यालय तक पहुंचे और उन्हें धमकाया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कहा गया कि यदि उन्होंने प्रस्ताव नहीं माना तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। विधायक के अनुसार, करीब 25 दिन पहले जब वह अपनी कार से यात्रा कर रहे थे, तब एक लॉरी ने जानबूझकर उनकी गाड़ी की ओर वाहन मोड़ा, जिससे उन्हें अपनी जान को खतरा महसूस हुआ।

दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज

तमिलनाडु में इस घटनाक्रम के बाद डीएमके और टीवीके के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। दोनों दल एक-दूसरे पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की कोशिश करने और राजनीतिक दल बदलवाने के प्रयासों के आरोप लगा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button