कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी पर गरमाई सियासत, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कांग्रेस विधायकों संग राज्यपाल से मिले, मंत्री विजय शाह पर कार्रवाई की मांग

भोपाल: कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मंत्री विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में मोर्चा तेज कर दिया है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने राज्यपाल से विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति के मामले पर दोबारा विचार करने और उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में विधायक आरिफ मसूद और सुरेश राजे भी शामिल रहे।
उमंग सिंघार का भाजपा पर तीखा हमला
राज्यपाल से मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरों को देशभक्ति का प्रमाण देने वाली भाजपा राष्ट्र का अपमान करने से पीछे नहीं हटी। उनके मुताबिक कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि सेना, महिला और देश का अपमान है।
सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी बदनामी से बचने के लिए राज्यपाल को मामले के बीच में ला रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि गलती सरकार की है तो राज्यपाल को बीच में लाने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
मंत्री पद से हटाने और अभियोजन की स्वीकृति पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि जब विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति देने और उन्हें मंत्री पद से हटाने का अधिकार सरकार के पास है, तो मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार ने अब तक इस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया।
सिंघार ने भाजपा सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं की बात करती है, लेकिन देश की बेटी के अपमान के मामले में सरकार और भाजपा नेता चुप हैं।
‘भाजपा की कथनी और करनी में अंतर’
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा की कथनी और करनी का अंतर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार कार्रवाई की मांग कर रही है और राज्यपाल के समक्ष भी पार्टी ने अपना पक्ष रखा है।
राज्यपाल ने पुनर्विचार का दिया आश्वासन
उमंग सिंघार ने बताया कि राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि वह मामले पर पुनर्विचार करेंगे और सरकार से इस संबंध में चर्चा करेंगे। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्यपाल इस मामले में उचित निर्णय लेंगे।



