मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर-ग्वालियर हाईवे पर आधी रात मचा हड़कंप, स्लीपर बस बनी आग का गोला, 50 यात्री बाल-बाल बचे

ग्वालियर: ग्वालियर से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस रविवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। पनिहार इलाके के पास अचानक बस के बोनट से आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हालांकि ड्राइवर और हेल्पर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल चुके थे।

ड्राइवर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, बस जैसे ही पनिहार इलाके के पास पहुंची, अचानक बोनट की तरफ से धुआं और आग निकलनी शुरू हो गई। ड्राइवर ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए बस को रोका और बिना देर किए यात्रियों को बाहर निकलने की चेतावनी दी।

ड्राइवर और हेल्पर ने मिलकर तेजी से सभी 45 से 50 यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ समय के लिए यात्रियों में दहशत फैल गई, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हुई बस

यात्रियों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते स्लीपर बस पूरी तरह आग के गोले में बदल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी

एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि बस ग्वालियर से इंदौर की ओर जा रही थी। पनिहार इलाके में बोनट से आग लगने की घटना हुई। बस में लगभग 45 से 50 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक रूप से तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Related Articles

Back to top button